पटना में एकतरफा प्यार का खौफनाक रूप: सरेआम भाई-बहन पर चाकू से हमला,तमाशबीन बने रहे लोग,वीडियो वायरल

पटना के बेऊर थाना क्षेत्र स्थित सिपारा पुल पर एकतरफा प्यार में सिरफिरे आशिक ने लड़की और उसके भाई पर चाकू से दिनदहाड़े हमला कर दिया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी।

patna beur police sipara bridge knife attack
पटना में एकतरफा प्यार का खौफनाक रूप सरेआम भाई-बहन पर चाकू से हमला- फोटो : news 4 nation

बिहार की राजधानी पटना से इस वक्त एक बेहद विचलित करने वाली और बड़ी खबर सामने आई है। सोशल मीडिया पर दिनदहाड़े हुई हिंसा का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने कानून-व्यवस्था के साथ-साथ सामाजिक संवेदनशीलता पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस वायरल वीडियो में एक सिरफिरा युवक बीच सड़क पर एक अन्य युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला करता नजर आ रहा है। यह पूरी घटना पटना के बेऊर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सिपारा पुल इलाके की बताई जा रही है, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।\


एकतरफा इश्क में वारदात, भाई को बचाने के लिए चीखती-चिल्लाती रही बहन

सूत्रों से मिली शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह खौफनाक मामला एकतरफा प्यार (One-sided love) से जुड़ा हुआ है। बताया जा रहा है कि एक सिरफिरे आशिक ने रास्ते में लड़की को जबरन रोकने की कोशिश की। जब लड़की के भाई ने इसका विरोध किया, तो आक्रोशित हमलावर ने उन दोनों पर चाकू से हमला बोल दिया। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे वो लड़की अपने भाई को बचाने के लिए चीखती-चिल्लाती हुई हमलावर को पकड़ने का प्रयास कर रही है और मदद की गुहार लगा रही है, लेकिन आरोपी लगातार वार करता जा रहा है।


इंसानियत शर्मसार: तमाशबीन बनी रही भीड़, किसी ने नहीं बढ़ाया मदद का हाथ

इस पूरी वारदात के दौरान सबसे हैरान और परेशान करने वाली बात यह रही कि घटना के वक्त सड़क पर भारी संख्या में लोग मौजूद थे। लोग आते-जाते रहे और तमाशबीन बनकर इस खूनी खेल को देखते रहे, लेकिन इंसानियत इस कदर शर्मसार हुई कि दोनों भाई-बहन की जान खतरे में होने के बावजूद कोई भी उन्हें बचाने के लिए आगे नहीं आया। यहाँ तक कि वहां मौजूद भीड़ में से किसी एक व्यक्ति ने भी समय रहते पुलिस को सूचना देने या फोन करने की जहमत तक नहीं उठाई।


दो दिन पुरानी बताई जा रही है घटना, वीडियो वायरल होने के बाद बेऊर थाना पुलिस रेस

स्थानीय सूत्रों और सोशल मीडिया दावों के मुताबिक, यह वारदात करीब दो दिन पहले की है, जिसका वीडियो अब इंटरनेट पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। वीडियो के वायरल होते ही पटना पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। फिलहाल, स्थानीय बेऊर थाना पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए पूरी मुस्तैदी से पड़ताल में जुट गई है। पुलिस वीडियो के आधार पर घटना स्थल की तस्दीक करने और पीड़ित परिवार से संपर्क साधकर सनकी हमलावर की पहचान व गिरफ्तारी के लिए छापेमारी करने की बात कह रही है।

रिपोर्ट - अनिल कुमार