Nitish setu: तेजस्वी यादव के 'मिशन पुल' पर प्रशांत किशोर का पलटवार, नीतीश कुमार की तारीफ में कही बड़ी बात
Nitish setu: नीतीश सेतु के उद्घाटन के बीच प्रशांत किशोर ने पुल की परिकल्पना का श्रेय नीतीश कुमार को दिया। उन्होंने BJP और RJD पर क्रेडिट लेने की कोशिश का आरोप लगाया और बिहार के विकास पर पीएम मोदी से सवाल पूछे।
Nitish setu: बिहार में गंगा नदी पर बने कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल यानी ‘नीतीश सेतु’ को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। जन सुराज पार्टी के संस्थापक और बांकीपुर के विधायक प्रशांत किशोर ने इस परियोजना की परिकल्पना का श्रेय पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को दिया है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) दोनों बेवजह इस पुल का श्रेय लेने की कोशिश कर रहे हैं।
प्रशांत किशोर का यह बयान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे और 21 नवंबर को नीतीश सेतु के उद्घाटन के दिन सामने आया। पुल का नाम पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर रखा गया है। राजद के कुछ नेता इस नामकरण का विरोध करते रहे हैं। ऐसे में प्रशांत किशोर का बयान बिहार की राजनीति में एक नई चर्चा का विषय बन गया है।
पुल की परिकल्पना का पूरा श्रेय नीतीश कुमार को- प्रशांत किशोर
पटना में पत्रकारों से बातचीत के दौरान प्रशांत किशोर ने कहा कि इस पुल की परिकल्पना नीतीश कुमार ने की थी। उनके मुताबिक, 2014 के लोकसभा चुनाव और 2015 के बिहार विधानसभा चुनाव के बीच इस परियोजना का विचार सामने आया था। उस समय नीतीश कुमार अल्पमत की सरकार चला रहे थे। प्रशांत किशोर ने कहा, “राजद अक्सर इस तरह की राजनीति करती है। मैं इस पर टिप्पणी नहीं करना चाहता। अगर रेलगाड़ियों का नाम नरेंद्र मोदी के नाम पर रखा जा सकता है, तो नीतीश कुमार के नाम पर पुल का नाम रखने में मुझे कोई परेशानी नहीं दिखती। बिहार में किसी को इस पर आपत्ति नहीं होनी चाहिए।” उन्होंने आगे कहा कि इस बात से इनकार नहीं किया जा सकता कि परियोजना की परिकल्पना नीतीश कुमार ने की थी। BJP और RJD दोनों बेवजह इसका श्रेय लेने की कोशिश कर रहे हैं।
पीएम मोदी से बिहार के विकास पर पूछे सवाल
प्रशांत किशोर ने पुल के उद्घाटन के मौके पर केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बिहार के विकास को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि केंद्र में 12 साल से सरकार होने और बिहार में डबल इंजन की सरकार रहने के बावजूद राज्य कई महत्वपूर्ण मानकों पर दूसरे राज्यों से पीछे है। उन्होंने प्रति व्यक्ति आय, देश की जीडीपी में बिहार के योगदान, बाढ़ प्रबंधन, शिक्षा और रोजगार जैसे मुद्दों को उठाया। प्रशांत किशोर ने सवाल किया कि आखिर बिहार को इन क्षेत्रों में पिछड़ेपन से कब मुक्ति मिलेगी। उन्होंने पलायन और हर साल आने वाली बाढ़ की समस्या का भी जिक्र किया। उनका कहना था कि प्रधानमंत्री को इन सवालों का जवाब देना चाहिए कि बिहार के लोगों को इन समस्याओं से राहत कब मिलेगी।
नीतीश सेतु का नाम रखना ही सम्मान नहीं, सात निश्चय लागू करना जरूरी
प्रशांत किशोर ने कहा कि नीतीश कुमार के नाम पर पुल का नाम रख देना उनके प्रति सम्मान जताने का एकमात्र तरीका नहीं है। उनके मुताबिक, नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री रहते हुए सात निश्चय योजना के तहत जिन कार्यक्रमों की शुरुआत की थी, अगर सरकार उन्हें ईमानदारी से लागू करती तो यह उनके प्रति ज्यादा बड़ा सम्मान होता।
पोस्टर विवाद पर बोले- BJP राजनीतिक रूप से JDU को निगल रही है
नीतीश सेतु के उद्घाटन से पहले एनडीए के प्रचार पोस्टरों में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की तुलना में नीतीश कुमार को कम प्रमुखता दिए जाने के आरोपों पर भी प्रशांत किशोर ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा धीरे-धीरे राजनीतिक रूप से नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड (JDU) को निगल रही है। प्रशांत किशोर ने कहा कि जदयू को आज अमित शाह चला रहे हैं। ऐसे में भाजपा अपने झंडे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चेहरे को ज्यादा प्रमुखता देगी। उन्होंने सवाल किया कि भाजपा नीतीश कुमार को प्रचार में अधिक महत्व क्यों देगी? प्रशांत किशोर ने दावा किया कि जदयू और नीतीश कुमार की राजनीतिक प्रासंगिकता लगातार कम हो रही है।
छठ के पोस्टरों में भी नीतीश कुमार को जगह नहीं मिलने का दावा
प्रशांत किशोर ने कहा कि भाजपा के लगभग बराबर विधायक होने के बावजूद सरकार के कामकाज, प्रचार और राजनीतिक संवाद में नीतीश कुमार और उनकी पार्टी की भूमिका सीमित दिखाई देती है। उन्होंने छठ पर्व के दौरान लगे पोस्टरों का उदाहरण देते हुए दावा किया कि उनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सम्राट चौधरी के पोस्टर दिखाई दिए, लेकिन नीतीश कुमार के पोस्टर नहीं दिखे।