हवाई फायरिंग का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, हथियार व कारतूस के साथ अपराधी को किया गिरफ्तार
पटना के दानापुर इलाके में अवैध हथियार से हवाई फायरिंग कर लोगों में दहशत फैलाने और अपनी दबंगई दिखाने वाले एक अपराधी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से हथियार भी बरामद किया है....
Patna : जिले के दानापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सगुणा नया टोला स्थित गांधी मूर्ति के पास अवैध हथियार से हवाई फायरिंग कर लोगों में दहशत फैलाने और अपनी दबंगई दिखाने वाले एक अपराधी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान सगुणा नदी पार निवासी ऋषि कुमार (पिता- स्वर्गीय विजय राय) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के पास से अवैध हथियार और भारी मात्रा में जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
वायरल वीडियो के सत्यापन के बाद पुलिस ने की पहचान
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि 30 अगस्त 2026 को एक वीडियो फुटेज प्राप्त हुआ था, जिसमें दो युवक अवैध हथियार से हवाई फायरिंग करते और पोज देते नजर आ रहे थे। इस वीडियो का मुख्य उद्देश्य इलाके में भय का माहौल बनाना था। सूचना के बाद पुलिस ने गुप्तचरों के माध्यम से वीडियो का सत्यापन कराया और हवाई फायरिंग करने वाले मुख्य आरोपी ऋषि कुमार की पहचान की।
घर पर छापेमारी में देशी कट्टा, 9 कारतूस और 2 खोखा बरामद
सूचना के आलोक में नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी), पटना के निर्देशानुसार अपर पुलिस अधीक्षक, दानापुर-01 के नेतृत्व में दानापुर थानाध्यक्ष और सगुणा ओ०पी० की एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी ऋषि कुमार के घर पर विधिवत छापेमारी कर उसे धर दबोचा। कड़ाई से पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर पुलिस ने 01 देशी कट्टा, 09 जिंदा कारतूस और 02 खोखा बरामद किया।
हत्या और रंगदारी जैसे गंभीर मामलों में रहा है आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार अपराधी ऋषि कुमार का पुराना आपराधिक इतिहास भी रहा है। उस पर वर्ष 2019 में दानापुर थाने में हत्या, रंगदारी, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज है। पुलिस ने इस ताजा मामले में दानापुर थाना में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है और घटना में शामिल दूसरे आरोपी की तलाश जारी है।
दानापुर और सगुणा ओ०पी० पुलिस टीम की रही सराहनीय भूमिका
इस सफल कार्रवाई में दानापुर थानाध्यक्ष पु०नि० प्रशांत भारद्वाज, सगुणा ओ०पी० प्रभारी पु०अ०नि० अनु सिंह, पु०अ०नि० अनिल किशोर, पु०अ०नि० हरेराम पासवान, स०अ०नि० मनीप पासवान तथा दानापुर एवं सगुणा थाना के सशस्त्र बलों की मुख्य भूमिका रही। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध हथियारों का प्रदर्शन करने और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
रंजीत की रिपोर्ट