मोकामा इलाके में पुलिस को बड़ी सफलता, अवैध हथियार के साथ दो बदमाश गिरफ्तार
Bihar News : पटना पुलिस द्वारा अपराधियों के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान में मोकामा इलाके में बड़ी सफलता हाथ लगी है। बाढ़-01 अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के अनुसार पुलिस ने अवैध हथियार के साथ दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई वाहन चेकिंग के दौरान की गई। अपराधियों को पचमहला थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियमित रूप से वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 22 अप्रैल 2026 की शाम करीब 7 बजे पचमहला थाना क्षेत्र में पुलिस टीम द्वारा जांच के दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध व्यक्तियों को रुकने का इशारा किया गया। हालांकि दोनों भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान उनके पास से एक अवैध देसी पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस, दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 15,000 रुपये नकद बरामद किए गए। साथ ही एक मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन नंबर BR01R-0975-8592) भी जब्त की गई है। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि वे दियारा क्षेत्र में गेहूं की फसल कटाई के दौरान डराने-धमकाने के लिए हथियार रखते थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास कुमार (उम्र 26 वर्ष) और रोशन कुमार (उम्र 34 वर्ष), दोनों निवासी बड़हिया थाना क्षेत्र, जिला लखीसराय के रूप में हुई है। इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष कुंदन कुमार समेत पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की अहम भूमिका रही। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
रविशंकर की रिपोर्ट