Prayagraj train accident: पटरी पर शव देख रुकी ट्रेन, उतरे यात्री… 4 और की गई जान

Prayagraj train accident: दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर करछना के पास बड़ा हादसा हो गया। जहां दो ट्रेनों के बीच फंसे 5 लोगों की मौत हो गई।

Prayagraj train accident
रेलवे ट्रैक बना मौत का जाल!- फोटो : social media

Prayagraj train accident: दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर बुधवार (15 अप्रैल 2026) शाम एक बेहद दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें पांच लोगों की जान चली गई। यह घटना करछना के पास पचदेवरा गांव के नजदीक हुई, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, शाम करीब सवा छह बजे कालका एक्सप्रेस के लोको पायलट ने पटरी पर एक युवक का शव देखा, जिसके बाद उसने तुरंत ट्रेन रोक दी और कंट्रोल रूम को सूचना दी। ट्रेन रुकते ही उसमें सवार कई यात्री नीचे उतर गए। उसी समय चार युवक भी पटरी पर मौजूद थे।

इसी बीच कालका एक्सप्रेस का हॉर्न बजा, तो पटरी पर खड़े युवक ट्रेन में चढ़ने के लिए आगे बढ़े। तभी दूसरी दिशा से तेज रफ्तार में पुरुषोत्तम एक्सप्रेस आ गई। अचानक आई इस ट्रेन की चपेट में आने से चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। इस तरह इस पूरी घटना में कुल पांच लोगों की जान चली गई। हादसे के बाद वहां अफरातफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर जुट गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और जीआरपी के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने तुरंत सभी शवों को ट्रैक से हटवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और जांच शुरू कर दी।

लाश देखने के लिए उतरे नीचे

मृतकों में से तीन की पहचान हो चुकी है। इनमें बिहार के सिवान निवासी 36 वर्षीय बलिराम भगत, फिरोजाबाद के खैरगढ़ पृथ्वीपुर के 19 वर्षीय आकाश और मिर्जापुर के नीबी बिसुंदपुर गांव के 20 वर्षीय सुनील कुमार शामिल हैं। बाकी दो लोगों की पहचान करने की कोशिश जारी है। बताया जा रहा है कि बलिराम भगत का शव पहले से ही ट्रैक पर पड़ा था, जिसे देखकर ट्रेन रोकी गई थी। वहीं सुनील, आकाश और अन्य युवक ट्रेन रुकने के बाद नीचे उतरे थे। हालांकि वे नीचे क्यों उतरे, यह अभी साफ नहीं हो पाया है। कुछ यात्रियों का कहना है कि वे लघुशंका के लिए उतरे थे, जबकि कुछ का कहना है कि वे शव देखने के लिए नीचे आए थे। इस हादसे में एक और दर्दनाक पहलू सामने आया, जब आकाश की मां सीता देवी, जो उसके साथ यात्रा कर रही थीं, बेटे की मौत के बाद रो-रोकर बेहाल हो गईं। उन्होंने बताया कि वे कोलकाता एक शादी में शामिल होने जा रहे थे।

क्यों रोकी कालका एक्सप्रेस

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआत में एक व्यक्ति की मौत ट्रेन से कटकर हुई थी, जिसके कारण कालका एक्सप्रेस रोकी गई। इसके बाद कुछ यात्री दूसरी पटरी पर चले गए और तभी पुरुषोत्तम एक्सप्रेस आ गई, जिससे यह बड़ा हादसा हो गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों ने कहा है कि अगर जांच में कोई लापरवाही या अन्य कारण सामने आता है, तो उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।