Bankipur Bypoll : पटना में चंद्रवंशी समाज के लोगों ने की बैठक, एनडीए प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा को जिताने का लिया संकल्प
Bankipur Bypoll : चंद्रवंशी समाज के नेताओं ने एनडीए समर्थित भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा को 'कमल' के निशान पर बटन दबाकर भारी मतों से विजयी बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।
PATNA : बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत मीठापुर जैन धर्मशाला में चंद्रवंशी समाज की एक विशाल बैठक आयोजित की गई, जिसमें हजारों की संख्या में समाज के लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम में बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार, बिहार सरकार के मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार चंद्रवंशी, राज्यसभा सांसद भीम सिंह चंद्रवंशी, पूर्व सांसद चंदेश्वर प्रसाद चंद्रवंशी, नोखा के विधायक नागेंद्र प्रसाद चंद्रवंशी, पटना की उपमहापौर रश्मि चंद्रवंशी, प्रख्यात दंत चिकित्सक डॉ. धर्मेंद्र कुमार चंद्रवंशी, रंजीत चंद्रवंशी तथा रणविजय रोशन चंद्रवंशी,शिवपूजन चंद्रवंशी, सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
सभा में उपस्थित लोगों ने एनडीए समर्थित भारतीय जनता पार्टी के बांकीपुर विधानसभा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा को कमल के निशान पर मतदान कर भारी मतों से विजयी बनाने का संकल्प व्यक्त किया। इस अवसर पर बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि चंद्रवंशी समाज सहित समस्त अति पिछड़ा वर्ग सदैव राष्ट्रहित, विकास और सुशासन की राजनीति का समर्थन करता रहा है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एवं एनडीए के सभी घटक दलों ने अति पिछड़ा वर्ग को सम्मान, भागीदारी और प्रतिनिधित्व देने का निरंतर कार्य किया है।
उन्होंने कहा कि केंद्र की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार तथा बिहार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली सरकार ने अति पिछड़ा वर्ग के सामाजिक, आर्थिक एवं शैक्षणिक उत्थान के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएँ संचालित की हैं, जिनका लाभ समाज के लाखों परिवारों तक पहुँच रहा है। उन्होंने कहा कि गरीब कल्याण, आवास, स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वरोजगार, महिला सशक्तिकरण तथा आधारभूत संरचना के क्षेत्र में हुए कार्यों से अति पिछड़ा समाज को व्यापक लाभ मिला है।
डॉ. प्रेम कुमार ने उपस्थित जनसमूह से लोकतंत्र को सशक्त बनाने के लिए अधिकाधिक मतदान करने तथा विकास, सुशासन और जनकल्याण की निरंतरता बनाए रखने हेतु एनडीए समर्थित प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा को विजयी बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित हजारों लोगों ने एक स्वर में एनडीए प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा को कमल के निशान पर मतदान कर भारी मतों से विजयी बनाने का संकल्प दोहराया।