पिरपैंती स्टेशन का कायाकल्प: अमृत भारत योजना के तहत 12 मीटर एफओबी गर्डर की सफल लॉन्चिंग परिचय

अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत पिरपैंती रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं को आधुनिक बनाने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की गई है। मालदा मंडल द्वारा स्टेशन पर 12 मीटर फुट ओवर ब्रिज (FOB) के गर्डर की पहली सफल लॉन्चिंग पूरी कर ली गई है।

पिरपैंती स्टेशन का कायाकल्प: अमृत भारत योजना के तहत 12 मीटर

Bhagalpur - : भारतीय रेलवे की अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत पिरपैंती रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं को आधुनिक बनाने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की गई है। मालदा मंडल द्वारा स्टेशन पर 12 मीटर फुट ओवर ब्रिज (FOB) के गर्डर की पहली सफल लॉन्चिंग पूरी कर ली गई है। गति शक्ति इकाई, मालदा के नेतृत्व में संपन्न हुआ यह कार्य स्टेशन पुनर्विकास की दिशा में एक मील का पत्थर है, जिससे भविष्य में यात्रियों को प्लेटफॉर्मों के बीच आवागमन में अत्यधिक सुगमता और सुरक्षा मिलेगी।

6 घंटे के मेगा ब्लॉक में कार्य संपन्न


इस जटिल तकनीकी कार्य को सफलतापूर्वक अंजाम देने के लिए रेलवे द्वारा 6 घंटे 10 मिनट का विशेष ट्रैफिक ब्लॉक लिया गया था। यह कार्य सुबह 10:40 बजे शुरू होकर शाम 16:50 बजे निर्धारित समय के भीतर पूरा कर लिया गया। कार्य समाप्ति के तुरंत बाद रेल सेवाओं का परिचालन फिर से सुचारू रूप से शुरू कर दिया गया, जिससे यात्रियों को न्यूनतम असुविधा हुई। 

इंजीनियरिंग का कमाल: 250 टन की क्रेन से लॉन्चिंग


इस फुट ओवर ब्रिज के निर्माण में आधुनिक इंजीनियरिंग का बेहतरीन प्रदर्शन देखने को मिला। कुल 37.310 मीटर लंबे स्पैन वाले इस ब्रिज के लिए लगभग 10 मीट्रिक टन वजन वाले कुल 11 गर्डरों को स्थापित किया गया। इस भारी-भरकम कार्य को संपन्न करने के लिए 250 मीट्रिक टन क्षमता वाली विशाल रोड क्रेन की मदद ली गई। 

विभागीय समन्वय और कुशल टीमवर्क


परियोजना की सफलता का श्रेय मालदा मंडल के विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल को जाता है। इंजीनियरिंग, परिचालन, सिग्नल एवं दूरसंचार, और विद्युत विभागों ने एक टीम के रूप में काम करते हुए सूक्ष्म योजना के साथ इस कार्य को सुरक्षित और समयबद्ध तरीके से पूर्ण किया। मंडल रेल प्रबंधक मनीष कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में इस मिशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया। 

यात्री सुविधाओं में होगा क्रांतिकारी सुधार

नया फुट ओवर ब्रिज तैयार होने के बाद पिरपैंती स्टेशन की तस्वीर बदल जाएगी। इससे न केवल प्लेटफॉर्मों के बीच भीड़ कम होगी, बल्कि यात्रियों, विशेषकर बुजुर्गों और दिव्यांगों के लिए आवागमन सुरक्षित होगा। मालदा मंडल का यह प्रयास सुरक्षित और आधुनिक रेल सेवाएं प्रदान करने की उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

रिपोर्ट - बाल मुुकुंद कुमार