प्रेमी का 'लौंडा डांस' देख तनाव में थी किशोरी, फंदे से लटककर दी जान; अंतिम संस्कार के समय पहुंची पुलिस

नाबालिग लड़की ने अपने प्रेमी के पेशे और उसके एक वीडियो से आहत होकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान पार्वती कुमारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि पार्वती का गांव के ही एक युवक के साथ प्रेम-प्रसंग था

प्रेमी का 'लौंडा डांस' देख तनाव में थी किशोरी, फंदे से लटककर

Saharsa - : जिले के ईटहरी थाना क्षेत्र में एक 17 वर्षीय नाबालिग लड़की ने अपने प्रेमी के पेशे और उसके एक वीडियो से आहत होकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान पार्वती कुमारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि पार्वती का गांव के ही एक युवक के साथ प्रेम-प्रसंग था, लेकिन प्रेमी के 'लौंडा डांसर' होने की सच्चाई सामने आने के बाद वह गहरे तनाव में थी। घटना उस समय और नाटकीय हो गई जब परिजन शव का गुपचुप अंतिम संस्कार करने जा रहे थे, तभी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया। 

घर में अकेली थी मृतका, साड़ी का बनाया फंदा

मृतका के भाई गणेश कुमार के अनुसार, घटना शनिवार दोपहर की है जब घर के सभी सदस्य बाहर गए हुए थे। पार्वती घर में अकेली थी। शाम को जब माँ और भाभी खेत से लौटीं, तो देखा कि पार्वती किचन के छज्जे से फंदे पर लटकी हुई है। उसने अपनी माँ की साड़ी का फंदा बनाया था। परिजनों ने आनन-फानन में शव को नीचे उतारा और कानूनी प्रक्रिया के बजाय सीधे दाह संस्कार की तैयारी शुरू कर दी। 

शादी होने वाली थी, पर 'वीडियो' ने बिगाड़ा खेल

परिजनों ने खुलासा किया कि पार्वती और उसके प्रेमी पांडव का अफेयर जनवरी 2025 से चल रहा था। दोनों परिवार शादी के लिए राजी हो गए थे और अगस्त 2026 में विवाह तय था। हालांकि, कुछ दिनों पहले पार्वती के हाथ प्रेमी का एक वीडियो लगा जिसमें वह 'लौंडा डांस' करते हुए लड़की के लिबास में नजर आ रहा था। भाई का दावा है कि प्रेमी को लड़की बनना पसंद था और इसी बात से पार्वती बेहद आहत और तनाव में रहने लगी थी। 

पुलिस की एंट्री और एफएसएल की जांच

ईटहरी थानाध्यक्ष खुशबू कुमारी ने बताया कि जब पुलिस को घटना की भनक लगी, तब परिजन अंतिम संस्कार के लिए निकलने ही वाले थे। पुलिस ने तुरंत शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए FSL (विधि विज्ञान प्रयोगशाला) की टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से फंदे और अन्य साक्ष्यों के सैंपल कलेक्ट किए हैं। 

जांच के घेरे में 'आत्महत्या' का मामला

हालांकि परिवार इसे प्रेम-प्रसंग और तनाव के कारण की गई आत्महत्या बता रहा है, लेकिन पुलिस हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है। थानाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा होगा और उसी आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मृतका के पिता, जो मुगलसराय में मजदूरी करते हैं, घटना के समय घर पर मौजूद नहीं थे।