'जनता के फैसले पर सवाल नहीं उठाया जा सकता', बांकीपुर हार पर मंत्री श्रवण कुमार का बड़ा बयान

श्रवण कुमार ने कहा कि जनता ने जो फैसला दिया है, उसे स्वीकार करना ही लोकतांत्रिक परंपरा है। उन्होंने बताया कि जनता दल (यूनाइटेड) अपने स्तर पर चुनाव परिणामों की समीक्षा करेगा।

Shravan Kumar
Shravan Kumar - फोटो : news4nation

Bihar News :  बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में एनडीए की हार पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि लोकतंत्र में जनता का जनादेश सर्वोपरि होता है और सभी राजनीतिक दलों को उसका सम्मान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि चुनाव परिणाम उम्मीद के विपरीत रहे हैं, इसलिए इसकी विस्तृत समीक्षा की जाएगी।


श्रवण कुमार ने कहा कि जनता ने जो फैसला दिया है, उसे स्वीकार करना ही लोकतांत्रिक परंपरा है। उन्होंने बताया कि जनता दल (यूनाइटेड) अपने स्तर पर चुनाव परिणामों की समीक्षा करेगा। इसके अलावा भारतीय जनता पार्टी और पूरे एनडीए गठबंधन की ओर से भी हार के कारणों का विश्लेषण किया जाएगा। समीक्षा के बाद आगे की रणनीति और संगठनात्मक कदमों पर निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता सबसे बड़ी ताकत है और उसके निर्णय पर कोई टिप्पणी करने की गुंजाइश नहीं होती। लोकतंत्र में जनता का फैसला अंतिम होता है और उसका सम्मान किया जाना चाहिए।


मंत्री ने कहा कि किसी भी सरकार के लिए चुनाव जीतना और हारना लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि यह पहली बार नहीं है जब किसी सरकार को चुनाव में हार का सामना करना पड़ा है। सरकार ने हर वर्ग, हर परिवार और सभी धर्मों तथा जातियों के लोगों के लिए काम किया है। इसके बावजूद यदि अपेक्षित परिणाम नहीं मिले हैं तो यह जानना जरूरी है कि आखिर चूक कहां हुई।


समीक्षा से निष्कर्ष पर पहुंचना उचित

उन्होंने कहा कि चुनाव में हार के बाद कई तरह के कारण सामने आते हैं, लेकिन बिना विस्तृत समीक्षा के किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा। समीक्षा पूरी होने के बाद ही स्पष्ट रूप से बताया जा सकेगा कि किन कारणों से यह परिणाम सामने आया।


 19,324 मतों से जीत

गौरतलब है कि पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में जनसुराज के प्रमुख प्रशांत किशोर ने 19,324 मतों के अंतर से जीत दर्ज की है। प्रशांत किशोर को कुल 64,117 वोट (49.23 प्रतिशत) मिले। वहीं भाजपा उम्मीदवार नीरज कुमार को 44,794 वोट (34.40 प्रतिशत) प्राप्त हुए, जबकि राजद प्रत्याशी रेखा गुप्ता 14,263 वोट (10.95 प्रतिशत) के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।

अभिजीत की रिपोर्ट