पावर स्टार पवन सिंह पर स्टेज पर हद पार का इल्ज़ाम, एक्ट्रेस की कमर को छूना पड़ा महंगा, महिला आयोग ने भेजा नोटिस

Pawan Singh: भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के पावर स्टार पवन सिंह इन दिनों एक नए विवाद में घिरते नजर आ रहे हैं, जहां एक वायरल वीडियो ने उनकी मुश्किलें बढ़ा दी हैं।...

Pawan Singh Faces Notice Over Viral Stage Video Allegation
एक्ट्रेस की कमर को छूना पड़ा महंगा- फोटो : social Media

Pawan Singh:भोजपुरी इंडस्ट्री के पावर स्टार पवन सिंह इन दिनों एक नए विवाद में घिरते नजर आ रहे हैं, जहां एक वायरल वीडियो ने उनकी मुश्किलें बढ़ा दी हैं। हरियाणवी मॉडल और एक्ट्रेस अंजलि राघव की शिकायत के बाद मामला अब महिला आयोग तक पहुंच गया है, जिसने पवन सिंह को नोटिस जारी कर 2 अप्रैल को हरियाणा के फरीदाबाद में पेश होने का हुक्म दिया है।

पूरा मामला करीब चार महीने पुराना बताया जा रहा है, जब उत्तर प्रदेश के लखनऊ में एक स्टेज शो के दौरान दोनों कलाकार साथ नजर आए थे। उसी दौरान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें पवन सिंह द्वारा अंजलि राघव को छूने का आरोप लगाया गया। इस वीडियो के सामने आते ही सोशल मीडिया पर हंगामा मच गया और ट्रोलिंग का सिलसिला शुरू हो गया।

अंजलि राघव ने अपनी शिकायत में इल्ज़ाम लगाया है कि कार्यक्रम के दौरान उनकी इजाजत के बिना वीडियो बनाया गया और बाद में उसे वायरल कर दिया गया, जिससे उन्हें  बेइज्जती और मानसिक तनाव झेलना पड़ा। उनका कहना है कि शुरुआत में मामले को आपसी रजामंदी से सुलझा लिया गया था, लेकिन बाद में उनके खिलाफ आपत्तिजनक और फर्जी प्रोपेगेंडा फैलाया गया, जिससे उनकी छवि को भारी नुकसान पहुंचा।

वहीं, महिला आयोग की चेयरपर्सन रेनू भाटिया के मुताबिक, शिकायत मिलने के बाद मामले को गंभीरता से लिया गया है। उन्होंने बताया कि एक्ट्रेस ने आरोप लगाया है कि उनकी अनुमति के बिना उनकी कमर पर हाथ रखा गया। हालांकि, एक्ट्रेस ने यह भी कहा कि उन्हें उस वक्त लगा था कि शायद कपड़े पर लगा कोई टैग हटाया जा रहा है।

अब इस पूरे मामले में दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर सुनवाई की जाएगी। पवन सिंह के लिए यह मामला इमेज पर सीधा असर डाल सकता है, क्योंकि सोशल मीडिया पर पहले ही यह वीडियो काफी चर्चा में है। फिलहाल, सबकी नजरें 2 अप्रैल की सुनवाई पर टिकी हैं जहां यह तय होगा कि यह महज एक गलतफहमी है या फिर किसी बड़े विवाद की असलियत सामने आएगी।