क्रिकेट की दुनिया में नया धमाका: पटना से शुरू होगा दुनिया का पहला 'मिक्स जेंडर' टूर्नामेंट

पटना में आयोजित होगा दुनिया का पहला 'मिक्स जेंडर' क्रिकेट टूर्नामेंट। 29 अगस्त को उर्जा स्टेडियम में 13 से 21 वर्ष के लड़के-लड़कियों के लिए ट्रायल होगा। जानिए इस नए फॉर्मेट और टेस्ट के नियमों वाली अनूठी प्रतियोगिता के बारे में।

Patna Mix Gender Cricket Tournament
क्रिकेट इतिहास में नया अध्याय: दुनिया का पहला 'मिक्स जेंडर' टूर्नामेंट- फोटो : Reporter

क्रिकेट जगत में एक ऐतिहासिक बदलाव की शुरुआत होने जा रही है। टेस्ट, वनडे और टी-20 के सफल सफर के बाद अब दुनिया के पहले 'मिक्स जेंडर' क्रिकेट टूर्नामेंट के रूप में चौथे प्रारूप की घोषणा की गई है। इस अनूठे प्रारूप की खास बात यह होगी कि इसमें लड़के और लड़कियां एक ही टीम में कंधे से कंधा मिलाकर खेलते नजर आएंगे। पाटलिपुत्र कॉलोनी स्थित एक संवाददाता सम्मेलन में डॉ. कुमार विमलेन्दु सिंह, स्पोर्टोस्फेयर के निदेशक अजिताभ राजन और अभिजीत शंकर ने इस ऐतिहासिक पहल की विस्तृत जानकारी साझा की।


पटना के उर्जा स्टेडियम में 29 अगस्त को होगा ट्रायल

बिहार की उभरती खेल प्रतिभाओं के लिए यह एक बड़ा अवसर साबित होने वाला है। टूर्नामेंट के लिए 29 अगस्त को पटना के उर्जा स्टेडियम में ट्रायल का आयोजन किया जाएगा, जिसमें 13 से 21 वर्ष आयु वर्ग के लड़के और लड़कियां हिस्सा ले सकेंगे। आयोजकों का उद्देश्य राज्य की खेल संस्कृति को एक नई पहचान देना और स्थानीय खिलाड़ियों को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुँचाने के लिए एक सशक्त प्लेटफॉर्म प्रदान करना है।


20-20 ओवर की चार पारियाँ और टेस्ट के रोमांचक नियम

इस नए फॉर्मेट में टेस्ट का धैर्य, वनडे का संतुलन और टी-20 का रोमांच एक साथ देखने को मिलेगा। मैचों में 20-20 ओवर की कुल चार पारियाँ होंगी, जिसमें सफेद और लाल दोनों तरह की गेंदों का इस्तेमाल किया जाएगा। खेल को रणनीतिक और दिलचस्प बनाने के लिए इसमें फॉलोऑन और इनिंग डिक्लेरेशन (पार घोषित करना) जैसे टेस्ट क्रिकेट के पारंपरिक नियमों को भी शामिल किया गया है।


क्लाइव लॉयड, एबी डिविलियर्स और मैथ्यू हेडन जैसी हस्तियाँ जुड़ीं

विश्व क्रिकेट के कई दिग्गज दिग्गज खिलाड़ी भी इस इनोवेटिव प्रारूप के समर्थन में आगे आए हैं। वेस्टइंडीज के महान कप्तान सर क्लाइव लॉयड, दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज एबी डिविलियर्स और ऑस्ट्रेलिया के पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज मैथ्यू हेडन जैसी वैश्विक हस्तियां इस प्रतियोगिता से जुड़ी हैं। आयोजकों को पूरा भरोसा है कि अंतरराष्ट्रीय दिग्गजों का यह साथ और अनूठा फॉर्मेट क्रिकेट प्रेमियों को बेहद पसंद आएगा।