Patna Police: न्यूज नेशन की खबर पर लगी मोहर! पटना में एक बाइक पर 4 होमगार्ड जवान, वीडियो वायरल होते ही पुलिस ने काटा चालान
Patna Police: पटना में एक बाइक पर बिना हेलमेट चार होम गार्ड जवानों के सफर का वीडियो वायरल होने के बाद यातायात पुलिस ने कार्रवाई की है। चालक पर ₹2,000 का चालान किया गया है और ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
Patna Police: सोशल मीडिया पर एक मोटरसाइकिल पर बिना हेलमेट चार पुलिसकर्मियों के सफर का वीडियो वायरल होने के बाद पटना यातायात पुलिस ने मामले में तुरंत कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक (यातायात), पटना के निर्देश पर घटना का संज्ञान लेते हुए जांच की गई और संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है।पटना यातायात पुलिस ने स्पष्ट कहा है कि कानून सभी के लिए बराबर है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी, चाहे वे आम नागरिक हों या सुरक्षा बलों से जुड़े कर्मचारी।
पुलिस द्वारा किए गए सत्यापन में पता चला कि यह घटना 30 जून की है। जांच के दौरान बाइक चालक की पहचान अभय कुमार सिन्हा के रूप में हुई है, जो गृहरक्षक (होम गार्ड) हैं और गृहरक्षक मुख्यालय में कार्यरत हैं।जांच में यह भी सामने आया कि मोटरसाइकिल पर चार लोग सवार थे और किसी ने भी हेलमेट नहीं पहना था। यह यातायात नियमों का स्पष्ट उल्लंघन माना गया। इसके बाद पुलिस ने बिना हेलमेट वाहन चलाने और ओवरलोडिंग के आरोप में संबंधित वाहन का ₹2,000 का चालान काटा है।
ड्राइविंग लाइसेंस को निलंबित करने की प्रक्रिया
इसके अलावा चालक के ड्राइविंग लाइसेंस को निलंबित करने की प्रक्रिया शुरू करने के भी निर्देश दिए गए हैं। यातायात विभाग ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के लिए कहा है।मामले में केवल चालान ही नहीं किया गया है, बल्कि मोटरसाइकिल पर सवार चारों होम गार्ड जवानों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की भी तैयारी की जा रही है। इसके लिए उनके नियंत्री पदाधिकारी को पत्र भेजा जा रहा है ताकि उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सके।
पटना पुलिस ने दिया सख्त संदेश
पटना पुलिस ने अपने सभी कर्मियों को सख्त संदेश देते हुए कहा है कि वे ड्यूटी पर हों या ड्यूटी से बाहर, हर स्थिति में यातायात नियमों का पालन करें और समाज के सामने एक जिम्मेदार और अनुशासित उदाहरण पेश करें। पुलिस का कहना है कि कानून का सम्मान करना और उसका पालन करना हर नागरिक की जिम्मेदारी है, और सुरक्षा बलों के कर्मचारियों से इस मामले में और भी अधिक जिम्मेदारी की अपेक्षा की जाती है।
Reporter Ranjeet Kumar