Patna Traffic : पटना में निकलने से पहले जान लें आज का ट्रैफिक रूट, NEET परीक्षा को लेकर बदली व्यवस्था, ड़ेढ़ लाख परीक्षार्थी देंगे परीक्षा, सुरक्षा तक कड़े इंतजाम, कोचिंग संस्थान रहेंगे बंद
Patna Traffic : परीक्षार्थियों की सुविधा और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने विशेष इंतजाम किए हैं।
Patna Traffic : राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG) 2026 के री-एग्जाम को लेकर रविवार को पूरा बिहार हाई अलर्ट पर है। राज्य के 35 शहरों में बनाए गए 331 परीक्षा केंद्रों पर कुल 1,56,061 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। इनमें 81,165 छात्र और 74,896 छात्राएं शामिल हैं। राजधानी पटना में सबसे अधिक 95 परीक्षा केंद्रों पर 46,029 अभ्यर्थी परीक्षा में बैठेंगे।परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित होगी। अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अंतिम अनुमति दोपहर 1:30 बजे तक ही मिलेगी। इसके बाद किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। परीक्षा केंद्रों पर सघन जांच, बायोमेट्रिक सत्यापन और सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या फर्जीवाड़े की आशंका को समाप्त किया जा सके।राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) 2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए राजधानी पटना समेत पूरे बिहार में प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। आज यानी रविवार 21 जून को राज्य के 35 शहरों के 331 परीक्षा केंद्रों पर दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक परीक्षा आयोजित होगी। अकेले पटना के 95 केंद्रों पर 46,029 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
परीक्षार्थियों की सुविधा और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने विशेष इंतजाम किए हैं। पटना के कुम्हरार स्थित बापू परीक्षा परिसर और उसके आसपास भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए ट्रैफिक व्यवस्था में बड़े बदलाव किए गए हैं। धनकी मोड़ से पटना शहर की ओर आने वाले सभी ऑटो और ई-रिक्शा अब जीरोमाइल, न्यू बाइपास और भूतनाथ रोड होते हुए ओल्ड बाइपास की ओर भेजे जाएंगे। वहीं बस, पिकअप और अन्य भारी मालवाहक वाहनों को न्यू बाइपास-मीठापुर मार्ग से होकर गुजरना होगा।
प्रशासन ने जीपीओ से चिरैयाटांड़ पुल की ओर भारी वाहनों के परिचालन पर पूरी तरह रोक लगा दी है। इसी तरह मोइनुल हक स्टेडियम की तरफ से आने वाली बसों और मालवाहक वाहनों को बहादुरपुर आरओबी की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। इन वाहनों को वैशाली गोलंबर, राजेंद्रनगर पुल और 90 फीट रोड के वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करना होगा।
परीक्षार्थियों को राहत देते हुए बिहार राज्य पथ परिवहन निगम ने विशेष सुविधा की घोषणा की है। शनिवार से ही नीट अभ्यर्थियों को निगम की सभी एसी, नॉन-एसी, डीलक्स, लग्जरी, इलेक्ट्रिक और पिंक बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जा रही है। इसके लिए परीक्षार्थियों को केवल अपने एडमिट कार्ड की फोटोकॉपी बस कंडक्टर को देनी होगी, जिसके बाद शून्य रुपये का टिकट जारी किया जाएगा। हालांकि अभिभावकों और अन्य यात्रियों को सामान्य किराया देना होगा।
रेलवे ने भी परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए कई स्पेशल ट्रेनों का परिचालन शुरू किया है। बक्सर-पटना, झाझा-दानापुर, पटना-गया और पटना-दरभंगा रूट पर विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी ताकि दूर-दराज के छात्र समय पर परीक्षा केंद्र पहुंच सकें।
उधर परीक्षा में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी, फर्जीवाड़े या अफवाह को रोकने के लिए प्रशासन ने कड़े निर्देश जारी किए हैं। जिलाधिकारी ने सभी एसडीओ और एसडीपीओ को कोचिंग संस्थानों की गतिविधियों पर नजर रखने, सोशल मीडिया की मॉनिटरिंग करने और किसी भी अफवाह का तत्काल खंडन करने का निर्देश दिया है। परीक्षा के दिन पटना के सभी कोचिंग संस्थान बंद रहेंगे।इसके अलावा परीक्षा केंद्रों पर शुद्ध पेयजल, मेडिकल सुविधा और अभिभावकों के लिए 100 मीटर की दूरी पर छायादार प्रतीक्षा स्थल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे समय से पहले घर से निकलें और बदले हुए ट्रैफिक रूट को ध्यान में रखते हुए परीक्षा केंद्र पहुंचें।