बख्तरबंद गाड़ियां से प्रदर्शनकारियों को रोका, छात्रों को बसों में ठूंस कर ले गई पुलिस, पटना में सीएम आवास घेराव में भारी बवाल
प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने न सिर्फ कई रास्तों को बांस-बल्ली से घेरकर रोका बल्कि सड़कों पर बख्तरबंद गाड़ियां उतारकर मार्च को रोकने की कोशिश की गई.
CM House Gherao in Patna : पटना में सैकड़ों पर मंगलवार को को हजारों छात्रों ने पुलिस बैरिकेड्स तोड़ दिए और विभिन्न परीक्षा सुधारों की मांग करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आवास और राजभवन की ओर मार्च किया। इस दौरान कई जगहों पर पुलिस के साथ उनकी झड़प हो गई। यहाँ तक कि छात्रों के समूह अलग अलग गुट बनाकर पुलिस की बैरीकेडिंग को तोड़ने में कई जगहों पर सफल रहे। वहीं प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने न सिर्फ कई रास्तों को बांस-बल्ली से घेरकर रोका बल्कि सड़कों पर बख्तरबंद गाड़ियां उतारकर मार्च को रोकने की कोशिश की गई. इस दौरान बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी को पुलिस ने हिरासत में लिया और बसों में ठूंस कर ले गए.
मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने की अपील के साथ पटना की सड़कों पर मंगलवार को उतरे हजारों छात्रों को रोकने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन चलाकर बल प्रयोग किया। भीड़ को आगे बढ़ने से रोकने को लेकर प्रदर्शनकारियों और सुरक्षाबलों के बीच जमकर तनातनी हुई। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने छात्रों को तितर-बितर करने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। इस दौरान हाथों में तिरंगा लिए प्रदर्शनकारियों ने अनोखा रूप दिखाया और कुछ लोग पानी की तेज बौछार में शैम्पू लगाकर स्नान कर वाटर कैनन का अनोखा विरोध किया। इस दौरान पुलिस ने कुछ छात्रो को जबरन हटाया। वहीं एक छात्र की तबीयत भी बिगड़ गई।
दरअसल, पटना के गर्दनीबाग में BPSC TRE-4 समेत विभिन्न सरकारी भर्तियों की मांग को लेकर छात्रों का आंदोलन लगातार जारी है। 18 अगस्त से धरने पर बैठे छात्रों ने मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने के लिए मार्च निकाला। ऑल बिहार स्टूडेंट यूनियन (ABSU) के छात्र नेता अमन गुट के नेतृत्व में निकले इस मार्च को रोकने के लिए जेपी गोलंबर पर भारी संख्या में पुलिस बल और CRPF की तैनाती की गई।
छात्रों ने जेपी गोलंबर पर लगाए गए बैरिकेडिंग को तोड़ दिया और डाकबंगला की ओर बढ़ने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस और छात्रों के बीच तनातनी की स्थिति बनी हुई है। गांधी मैदान से लेकर इनकम टैक्स गोलंबर तक कई स्थानों पर पुलिस और प्रदर्शनकारी छात्रों के बीच भिड़ंत की भी सूचना है। प्रदर्शनकारियों पर पुलिस ने वाटर कैनन भी चलाए।
वहीं प्रदर्शन के दौरान भीषण गर्मी और उमस के कारण कुछ प्रदर्शनकारियों की तबियत बिगड़ गई. इसी तरह कुछ पुलिस वाले और खासकर महिला पुलिसकर्मी की तबीयत बिगड़ गई. घंटों तक पटना की सड़कों पर आम जन जीवन बुरी तरह प्रभावित रहा. इससे पटना जंक्शन, गाँधी मैदान, फ्रेजर रोड, बुद्ध मार्ग, बेली रोड, इनकम टैक्स टैक्स, डाकबंगला चौराहा आदि इलाकों में कई किलोमीटर लम्बा जाम लोगों को परेशान करता रहा.