Bihar News: पटना एसएसपी का 'रुद्र रूप'! आधी रात तक चली बिहार पुलिस की मैराथन बैठक, अपराधियों पर अब होगी सख्त कार्रवाई
Bihar News: बिहार में अपराधियों पर नकेल कसने के लिए एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की। आधी रात को बिहार पुलिस की मैराथन बैठक में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आदेश दिया गया।
Bihar News: बिहार में बढ़ते अपराधिक घटनाओं पर नियंत्रण करने के लिए सख्त कदम उठाया जा रहा है। इसी बीच देर रात कार्तिकेय के शर्मा की अध्यक्षता में पटना पुलिस की एक अहम समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में जिले के सभी एसपी, डीएसपी, सर्किल इंस्पेक्टर और थानाध्यक्ष शामिल हुए। करीब पांच से छह घंटे तक चली इस मैराथन बैठक में अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों के निष्पादन पर विस्तार से चर्चा की गई।
एसएसपी ने की बैठक
एसएसपी ने बताया कि बैठक के दौरान लंबित कांडों की समीक्षा की गई और उनके निष्पादन की गति बढ़ाने पर जोर दिया गया। साथ ही स्पीडी ट्रायल के जरिए अपराधियों को जल्द सजा दिलाने के उपायों पर भी चर्चा हुई। बैठक में अधिकारियों ने बारी-बारी से अपनी समस्याएं भी रखीं, जिनके समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए।
पर्व त्योहारों को लेकर विशेष रणनीति
बैठक में आने वाले पर्व-त्योहारों को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विशेष रणनीति बनाई गई। जिन थानों का प्रदर्शन संतोषजनक नहीं पाया गया, उन्हें कार्य में तेजी लाने और बेहतर परिणाम देने के निर्देश दिए गए। एसएसपी ने कहा कि मुख्यालय स्तर से पेट्रोलियम पदार्थों की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इस मुद्दे पर भी बैठक में चर्चा की गई और ऐसे मामलों पर विशेष नजर रखने को कहा गया। इसके अलावा सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वाले लोगों पर भी पुलिस की नजर बनी हुई है। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि किसी भी तरह की भ्रामक जानकारी या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाए।
मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी
दूसरी ओर, कार्तिकेय के शर्मा की अध्यक्षता में 11 मार्च 2026 को पटना में मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई। इस बैठक में जिले के सभी पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक और थानाध्यक्ष शामिल हुए। बैठक के दौरान फरवरी माह में दर्ज और लंबित मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई तथा अपराध नियंत्रण के लिए समन्वित कार्ययोजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया गया। गोष्ठी में अनुसूचित जाति और जनजाति अत्याचार से जुड़े मामलों, महिलाओं के खिलाफ अपराध तथा यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम से संबंधित मामलों की गंभीरता से समीक्षा की गई।
गिरफ्तारी, कुर्की कार्रवाई में तेजी लाने का आदेश
इन संवेदनशील मामलों में गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध अनुसंधान सुनिश्चित करने के लिए पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अपराध नियंत्रण को और प्रभावी बनाने के लिए प्रतिदिन गिरफ्तारी सुनिश्चित करने, जब्ती और कुर्की की कार्रवाई में तेजी लाने तथा लंबित वारंटों के निष्पादन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही अवैध हथियारों की बरामदगी और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ सख्त निगरानी रखते हुए विशेष अभियान चलाने को कहा गया। बैठक में सक्रिय गश्ती बढ़ाने, सूचना संग्रह तंत्र को मजबूत करने और संदिग्ध गतिविधियों पर त्वरित व योजनाबद्ध कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि जनसुरक्षा और कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके।
पटना से अनिल की रिपोर्ट