Patna Police ASI Transfer:SP वेस्ट ने 2 साल से जमे 59 ASI का किया तबादला, देखे पूरी लिस्ट
पटना नगर पश्चिमी क्षेत्र में कानून-व्यवस्था मजबूत करने के लिए नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिम) ने बड़ा फैसला लेते हुए 59 सहायक अवर निरीक्षकों (ASI) का तबादला कर दिया है। 2 वर्षों से एक ही जगह तैनात अधिकारियों को 24 घंटे में नए पदस्थापन पर योगदान देना होगा
पटना जिले के नगर पश्चिमी क्षेत्रांतर्गत पुलिस महकमे में एक और बड़ी प्रशासनिक सर्जरी की गई है। नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी), पटना द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के तहत कुल 59 सहायक अवर निरीक्षकों (स०अ०नि० / ASI) का स्थानांतरण तत्काल प्रभाव से कर दिया गया है।
2 वर्षों से जमी चौकड़ी पर कार्रवाई, कानून-व्यवस्था सुधारने की पहल
यह प्रशासनिक बदलाव उन पुलिस पदाधिकारियों पर लागू किया गया है जो पिछले दो वर्षों से अधिक समय से एक ही थाने या पुलिस प्रतिष्ठान में पदस्थापित थे। क्षेत्र में पुलिसिंग को अधिक पारदर्शी, गतिशील और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है, ताकि थानों के कामकाज में कसावट लाई जा सके।

रूपसपुर, बिहटा और फुलवारीशरीफ सहित दर्जनों थानों के बदले अधिकारी
जारी सूची के अनुसार, दानापुर, रूपसपुर, बिहटा, फुलवारीशरीफ, नौबतपुर, मनेर, पालीगंज, रानीतालाब, सिगोड़ी और आईआईटी अम्हारा जैसे प्रमुख थानों के एएसआई स्तर के अधिकारियों के कार्यक्षेत्र बदले गए हैं। उत्तम कुमार श्रीवास्तव को रूपसपुर, सुनील कुमार पासवान को बिहटा, और अबू सुफियान को मनेर थाने में नया पदस्थापन दिया गया है।

24 घंटे के भीतर नए पदस्थापन स्थान पर योगदान देने का कड़ा आदेश
नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) ने सख्त निर्देश जारी करते हुए कहा है कि स्थानांतरण पाने वाले सभी 59 पुलिस अधिकारी आदेश निर्गत होने के 24 घंटे के भीतर अपने नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देना सुनिश्चित करेंगे। आदेश की प्रतिलिपि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) पटना और सभी संबंधित अनुमंडल पुलिस अधिकारियों (DSP) व थानाध्यक्षों को अनुपालन हेतु भेज दी गई है।
पटना से रंजीत की रिपोर्ट