पटना पुलिस को बड़ी सफलता: महज 48 घंटे में चोरी की CNG टेम्पू व ई-रिक्शा बरामद, 5 अभियुक्त गिरफ्तार
पटना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने महज 48 घंटे के अंदर चोरी गए ऑटो को बरामद करने के साथ ही एक बड़े वाहन चोर गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस गिरोह के 5 सदस्यों को गिरफ्तार किया है....
Patna : पटना जिले के नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) के निर्देश पर शाहपुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वाहन चोरी गिरोह का पर्दाफाश किया है। मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारी ने बताया कि 7 अगस्त 2026 को शाहपुर थाना अंतर्गत नरगदा खगड़ी निवासी वादी के घर के पास मंदिर के समीप से अज्ञात चोरों द्वारा CNG टेम्पू चोरी कर ली गई थी। इस संबंध में वादी के आवेदन पर 8 अगस्त को मामला दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया।
विशेष छापेमारी टीम ने बेचने जा रहे मुख्य आरोपी को किया गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी), पटना के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक (दानापुर-01) के नेतृत्व और शाहपुर थानाध्यक्ष के संचालन में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। तकनीकी व वैज्ञानिक अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने चोरी का CNG टेम्पू बेचने जा रहे नीतीश कुमार (मनेर निवासी) को धर दबोचा। उसके पास से चोरी का टेम्पू बरामद किया गया।
मुख्य आरोपी की निशानदेही पर ई-रिक्शा बरामद और 4 अन्य साथी दबोचे गए
पकड़े गए मुख्य आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने एक अन्य चोरी का ई-रिक्शा भी बरामद किया। इसके साथ ही चोरी की घटनाओं में शामिल उसके 4 अन्य सहयोगियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार अपराधियों में नीतीश कुमार, गोपाल कुमार, रूपेश कुमार, चन्दन कुमार (सभी थाना मनेर) और विशाल कुमार (थाना शाहपुर) शामिल हैं।
चोरी का टेम्पू व ई-रिक्शा बरामद, अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस टीम ने मौके से चोरी किया गया CNG टेम्पू (रजिस्ट्रेशन नंबर- BR-01PN-0571) और 1 ई-रिक्शा सफलतापूर्वक बरामद कर लिया है। पुलिस का कहना है कि इस गिरोह में शामिल अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
थानाध्यक्ष नवीन कुमार के नेतृत्व में छापेमारी टीम को मिली सफलता
इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में शाहपुर थानाध्यक्ष पु०अ०नि० नवीन कुमार, पु०अ०नि० आलोक कुमार, पु०अ०नि० अनुज कुमार, पु०अ०नि० प्रमोद कुमार सिंह, शाहपुर थाने के सशस्त्र बल और DIU टीम दानापुर-01 के जवान शामिल रहे। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से स्थानीय लोगों और वाहन चालकों ने राहत की सांस ली है।
रंजीत की रिपोर्ट