पटना में रील का शौक ले डूबा:कट्टा लहराते विक्की कुमार समेत 2 नाबालिग गिरफ्तार,बर्थडे पर बना रहे थे वीडियो

पटना के मनेर में बर्थडे रील बनाने के लिए देशी कट्टा लहरा रहे तीन युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनमें शाहपुर का विक्की कुमार और दो नाबालिग शामिल हैं। पुलिस ने हथियार, बाइक और मोबाइल जब्त कर कार्रवाई शुरू कर दी है

Youth arrested with weapon
टना में रील का शौक ले डूबा- फोटो : news 4 nation

पटना के मनेर थाना अंतर्गत व्यापुर बगीचा में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक सरेआम देशी कट्टा लहराते हुए नजर आए। स्थानीय ग्रामीणों ने जब युवकों को हथियार के साथ उत्पात मचाते देखा, तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की और गश्ती दल को मौके पर रवाना किया।


पुलिस को देखते ही भागने लगे, खदेड़कर पकड़े गए

व्यापुर बगीचा पहुंची पुलिस की गाड़ी को देखते ही तीनों युवकों ने भागने की कोशिश की। हालांकि, पुलिस टीम ने घेराबंदी करते हुए तीनों को खदेड़कर दबोच लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से एक देशी कट्टा, एक मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार युवकों में शाहपुर निवासी सोनेलाल का पुत्र विक्की कुमार शामिल है, जबकि उसके साथ मौजूद दो अन्य नाबालिग (विधि विरुद्ध बालक) पाए गए हैं।


बर्थडे सेलिब्रेशन और रील बनाने का था प्लान

पुलिसिया पूछताछ में एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। तीनों युवक किसी दोस्त का जन्मदिन (Birthday) मनाने के लिए वहां इकट्ठा हुए थे। सोशल मीडिया पर टशन दिखाने और 'रील' बनाने के उद्देश्य से वे कट्टा लहराकर वीडियो रिकॉर्ड कर रहे थे। पुलिस को गिरफ्तार युवकों के मोबाइल फोन से कट्टे के साथ बनाई गई कई वीडियो फुटेज भी मिली हैं, जो अब उनके खिलाफ पुख्ता सबूत का काम करेंगी।