पालीगंज में चोरों का तांडव: 4 महीने में चोरी की तीसरी घटना, मां दुर्गा के सोने की आंखें और नथिया ले उड़े चोर
पालीगंज के इमामगंज बाजार स्थित प्राचीन दुर्गा मंदिर में अज्ञात चोरों ने बोला धावा! मां दुर्गा की मूर्ति से सोने की आंखें, नथिया और मांग टीका सहित लाखों के गहने चोरी।बीते 4 महीनों में पालीगंज क्षेत्र के मंदिरों में चोरी की यह 3री घटना है।
पटना जिले के पालीगंज अनुमंडल क्षेत्र में इन दिनों चोरों का आतंक चरम पर है, जहां आपराधिक गिरोह लगातार मंदिरों, ठाकुरबाड़ियों और मठों को अपना निशाना बना रहे हैं। ताजा मामला इमामगंज थाना क्षेत्र के इमामगंज बाजार का है, जहां अज्ञात चोरों ने प्राचीन दुर्गा मंदिर में स्थापित मां दुर्गा की मूर्ति से लाखों रुपये मूल्य के सोने के आभूषण चोरी कर लिए। गुरुवार सुबह जब स्थानीय श्रद्धालु पूजा-अर्चना करने पहुंचे, तब मूर्ति से आभूषण गायब देख घटना का खुलासा हुआ, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
श्रद्धालुओं के चंदे से बने थे गहने, 3 से 4 लाख के आभूषण गायब
स्थानीय निवासी महेश कुमार के अनुसार, यह मंदिर वर्षों पुराना है और स्थानीय लोगों के सहयोग से संचालित होता है। गुरुवार सुबह जब लोग नित्य की भांति पूजा करने पहुंचे, तो देखा कि मां दुर्गा की मूर्ति से सोने की दोनों आंखें, नथिया और मांग टीका गायब थे। चोरी गए इन आभूषणों की वर्तमान बाजार कीमत लगभग 3 से 4 लाख रुपये बताई जा रही है, जिन्हें श्रद्धालुओं ने आपस में चंदा एकत्र करके माता के श्रृंगार के लिए बनवाया था।
पुलिस ने शुरू की जांच, सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी टीम
घटना की सूचना मिलते ही इमामगंज थाना प्रभारी रोशन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की गहन जांच शुरू की। थाना प्रभारी ने बताया कि ग्रामीणों से मिली जानकारी के आधार पर घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है, जहां से आभूषण गायब पाए गए। पुलिस टीम अब मंदिर के आसपास और स्थानीय बाजार में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि संदिग्धों की पहचान कर चोरों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
चार महीने में चोरी की तीसरी घटना, पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल
पालीगंज अनुमंडल क्षेत्र में प्राचीन मूर्तियों और आभूषणों की चोरी का यह कोई पहला मामला नहीं है। बीते चार महीनों के भीतर पालीगंज के अंकुरी गांव की ठाकुरबारी से माता सीता और लक्ष्मण जी की अष्टधातु की मूर्तियां चोरी हुई थीं, जिनमें से सीता जी की मूर्ति तो झाड़ियों से मिल गई लेकिन आरोपी पकड़े नहीं गए। वहीं दो दिन पूर्व भी करकट बिगहा गांव की ठाकुरबारी से राम-जानकी और लक्ष्मण जी की अष्टधातु की मूर्तियां चोरी हुई थीं। लगातार हो रही इन वारदातों से स्थानीय लोगों में आक्रोश है और पुलिस की गश्त व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
पालीगंज से ऋषिकेश की रिपोर्ट