पटना के स्कूटी सवार महिला पर अंधाधुंध फायरिंग: पीठ में लगीं 3 गोलियां, गंभीर हालत में AIIMS रेफर

पटना के नौबतपुर में NH-139 पर स्कूटी से घर लौट रही महिला पूजा कुमारी पर अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। पीठ में 3 गोलियां लगने से गंभीर महिला को पटना AIIMS रेफर किया गया है। पुलिस जांच में जुटी।

Patna Woman Shot Naubatpur
पटना के स्कूटी सवार महिला पर अंधाधुंध फायरिंग- फोटो : news 4 nation

पटना जिले के नौबतपुर थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। बुधवार को चिरौरा के पास एनएच-139 (NH-139) नहर रोड पर बेखौफ अपराधियों ने एक महिला पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमलावरों ने महिला को निशाना बनाकर कई राउंड गोलियां चलाईं, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया और घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।


स्कूटी से लौटते समय मारी तीन गोलियां, एम्स रेफर

पीड़ित महिला की पहचान पूजा कुमारी के रूप में हुई है, जो नौबतपुर के बिक्रम मोड़ के पास किराए के मकान में रहती है। जानकारी के मुताबिक, पूजा अपनी स्कूटी से घर लौट रही थी, तभी पहले से घात लगाए बैठे अपराधियों ने उस पर हमला कर दिया। वारदात के दौरान महिला की पीठ में तीन गोलियां लगीं। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना एम्स (AIIMS) रेफर किया गया है। घायल महिला की पहचान समस्तीपुर निवासी 29 वर्षीय पूजा कुमारी (पिता- बिंदेश्वरी प्रसाद) के रूप में हुई है। पूजा वर्तमान में नौबतपुर के बिक्रम मोड़ के पास किराए के मकान में रहती है और एक निजी कुरियर कंपनी में कार्यरत है। 


घटनास्थल से दो खोखे बरामद, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

वारदात की सूचना मिलते ही नौबतपुर थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखे (कारतूस के शेल) बरामद किए हैं। पुलिस अब आसपास की दुकानों और सड़कों पर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि अपराधियों के भागने के रास्ते और उनकी पहचान का सुराग मिल सके।


पुलिस का बयान: कारणों का पता लगाने और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी

नौबतपुर थाना प्रभारी मंजीत कुमार ठाकुर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि महिला को गोली मारी गई है और मौके से दो खोखे मिले हैं। फिलहाल महिला को गोली किसने और किस वजह से मारी, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।


नौबतपुर से सुमित कुमार की रिपोर्ट