Patna Crime News: खगौल से लापता 10वीं की छात्रा सकुशल बरामद, सोशल मीडिया दोस्ती पड़ी भारी

दानापुर-खगौल से गायब हुई 10वीं की नाबालिग छात्रा को SIT ने पटना जंक्शन से सुरक्षित ढूँढ निकाला है। पड़ताल में सामने आया कि छात्रा इंस्टाग्राम फ्रेंड के बहकावे में आकर आसनसोल चली गई थी। जानिए पुलिस की त्वरित कार्रवाई और पूरा मामला!

Instagram Friendship Case Patna
खगौल से लापता 10वीं की छात्रा सकुशल बरामद, सोशल मीडिया दोस्ती पड़ी भारी- फोटो : Reporter

पटना के खगौल थाना क्षेत्र से संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हुई 10वीं की नाबालिग छात्रा को पटना पुलिस ने पटना जंक्शन से सकुशल बरामद कर लिया है। शुरुआती जांच में सामने आया कि छात्रा का अपहरण नहीं हुआ था, बल्कि वह अपनी मर्जी से सोशल मीडिया फ्रेंड से मिलने पश्चिम बंगाल के आसनसोल चली गई थी। पुलिस ने कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद छात्रा को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।


इंस्टाग्राम पर दोस्ती बनी घर छोड़ने की वजह

पुलिस की पड़ताल में खुलासा हुआ कि छात्रा की अपनी एक सहेली के जरिए इंस्टाग्राम पर पश्चिम बंगाल के आसनसोल निवासी विशाल कुमार नाम के युवक से पहचान हुई थी। दोनों के बीच अक्सर बातचीत होती थी। आरोपी विशाल के बहकावे और कहने पर ही छात्रा ने अपना घर छोड़ने का कदम उठाया और सीधे उससे मिलने आसनसोल पहुँच गई थी।


पुलिस की दबिश देख फरार हुआ आरोपी युवक

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पटना के वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक दानापुर और खगौल थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया था। तकनीकी सर्विलांस से जब छात्रा की लोकेशन आसनसोल मिली, तो पुलिस टीम ने तुरंत वहां छापेमारी की। पुलिस की आने की भनक मिलते ही आरोपी विशाल छात्रा को छोड़कर फरार हो गया, जिसके बाद छात्रा वापस पटना लौट आई और जंक्शन पर पुलिस के हत्थे चढ़ गई। पुलिस फिलहाल आरोपी की तलाश में जगह-जगह छापेमारी कर रही है।


रेलवे पटरी के पास बैग मिलने से फैली थी सनसनी

यह घटना सोमवार की है जब छात्रा रोज़ की तरह अपने घर से स्कूल के लिए निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। इसके बाद दानापुर रेलवे यार्ड की पटरी के पास से उसका स्कूल बैग और यूनिफॉर्म लावारिस हालत में बरामद हुआ था। इस आधार पर परिजनों ने खगौल थाने में केस दर्ज कराया था और किसी अनहोनी व अपहरण की आशंका जताई जाने लगी थी।


आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर की थी आगजनी

छात्रा के गायब होने और रेलवे ट्रैक के पास कपड़े-बैग मिलने की खबर फैलते ही स्थानीय लोग और परिजन भड़क उठे थे। पुलिस पर सुस्ती का आरोप लगाते हुए आक्रोशित ग्रामीणों ने दानापुर-बिहटा मुख्य मार्ग पर आगजनी की और रास्ता जाम कर दिया। शाम 6 बजे से शुरू हुआ यह उग्र प्रदर्शन रात 11 बजे तक जारी रहा, जिससे सड़क के दोनों ओर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गई थीं।


पुलिस के आश्वासन और त्वरित कार्रवाई से सुलझा मामला

सड़क जाम और बढ़ते जनाक्रोश को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और लोगों को जल्द से जल्द छात्रा की सुरक्षित वापसी का भरोसा दिया था। SIT के गठन के साथ ही पुलिस की त्वरित कार्रवाई रंग लाई और छात्रा को 24 घंटे के भीतर ढूंढ निकाला गया, जिससे पुलिस प्रशासन और परिजनों ने राहत की सांस ली।

पटना से रंजीत की रिपोर्ट