Patna Metro: पटना में इस दिन थम जाएगी मेट्रो की रफ्तार, जानिए क्यों होगी बंद, फिर कब दौड़ेगी ट्रेन
Patna Metro: पटना मेट्रो से सफर करने वाले यात्रियों के लिए अहम खबर है। 27 अप्रैल को पटना मेट्रो की सेवाएं आम जनता के लिए पूरी तरह बंद रहेंगी। इस दिन मेट्रो रेल सुरक्षा आयुक्त (CMRS) की टीम पटना पहुंचकर मेट्रो परियोजना का निरीक्षण करेगी।
Patna Metro: राजधानी में मेट्रो का सफर करने वाले यात्रियों के लिए एक जरूरी अपडेट है। 27 अप्रैल यानी सोमवार को पटना मेट्रो की सेवाएं पूरे दिन के लिए स्थगित रहेंगी। यह फैसला कमिश्नर ऑफ मेट्रो रेल सेफ्टी (CMRS) के महत्वपूर्ण निरीक्षण (Inspection) के चलते लिया गया है। CMRS की टीम इस दिन भूतनाथ स्टेशन से मलाही पकड़ी के बीच नवनिर्मित ट्रैक और सुरक्षा मानकों की बारीकी से जांच करेगी। मेट्रो प्रशासन के अनुसार, इस एक दिन के ब्रेक के बाद 28 अप्रैल से सेवाएं फिर से सुचारू रूप से बहाल कर दी जाएंगी।
कल थम जाएगी मेट्रो की रफ्तार
अधिकारियों के मुताबिक, CMRS की मंजूरी मिलने के बाद ही मेट्रो का संचालन अगले चरण में बढ़ेगा। इसके तहत खेमनीचक से मलाही पकड़ी तक परिचालन का रास्ता साफ होगा। निरीक्षण के बाद 28 अप्रैल से मेट्रो सेवा फिर से बहाल कर दी जाएगी। CMRS टीम भूतनाथ से मलाही पकड़ी तक मेट्रो लाइन का विस्तृत निरीक्षण करेगी। इस दौरान ट्रैक, सिग्नलिंग सिस्टम, प्लेटफॉर्म की सुरक्षा व्यवस्था, यात्री सुविधाएं और अन्य तकनीकी पहलुओं की बारीकी से जांच की जाएगी।
निरीक्षण के बाद तय होगी उद्घाटन की तारीख
सभी मानकों पर खरा उतरने के बाद ही उद्घाटन की तारीख तय की जाएगी। गौरतलब है कि CMRS की टीम को मार्च में आना था, लेकिन कुछ कारणों से दौरा टल गया था। अब उनकी हरी झंडी मिलने के बाद ही आगे संचालन शुरू होगा। इससे पहले 26 फरवरी को भूतनाथ से मलाही पकड़ी के बीच 2.75 किलोमीटर लंबे रूट पर सफल ट्रायल रन किया गया था। इस दौरान ब्रेकिंग सिस्टम, सिग्नलिंग, ट्रैक, ओवरहेड इलेक्ट्रिफिकेशन और सुरक्षा प्रोटोकॉल की जांच की गई थी।
अंतिम चरण में तैयारी
परियोजना के तहत भूतनाथ से मलाही पकड़ी के बीच 2.75 किमी रूट पर परिचालन की तैयारी अंतिम चरण में है। आगे चलकर मलाही पकड़ी से पाटलिपुत्र बस टर्मिनल तक 6.2 किमी एलिवेटेड मेट्रो सेवा शुरू की जाएगी, जिसमें पाटलिपुत्र बस टर्मिनल, जीरोमाइल, भूतनाथ, खेमनीचक और मलाही पकड़ी जैसे स्टेशन शामिल होंगे। खेमनीचक स्टेशन को एक्सचेंज स्टेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है। जहां से कॉरिडोर-1 और कॉरिडोर-2 की मेट्रो मिलेगी। हालांकि, निर्माण कार्य पूरा नहीं होने के कारण फिलहाल यहां मेट्रो का ठहराव नहीं होगा।
मई तक तैयार होने की संभावना
वहीं, कॉरिडोर-2 के तहत मोइनुल हक स्टेडियम से राजेंद्र नगर के बीच पहला टनल मई तक तैयार होने की संभावना है, जबकि दूसरा टनल जून तक पूरा हो सकता है। अधिकारियों के अनुसार, टनल बोरिंग मशीन (TBM) तेजी से काम कर रही है और निर्धारित समय सीमा में परियोजना को आगे बढ़ाया जा रहा है।