Bihar Crime: मुजफ्फरपुर में लंपटों का खौफनाक खेल, छात्रा पर बनाया शादी का दबाव, मना करने पर एसिड अटैक की दी धमकी

Bihar Crime: एक छात्रा के साथ हुई छेड़खानी और जान से मारने की धमकियों ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। ...

Bihar Crime: मुजफ्फरपुर में लंपटों का खौफनाक खेल, छात्रा पर

Muzaffarpur: जिले से एक ऐसी खबर सामने आई है जिसने सुरक्षा व्यवस्था और सामाजिक सरोकार पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अहियापुर थाना क्षेत्र के बाड़ा जगन्नाथ इलाके में एक छात्रा के साथ हुई छेड़खानी और जान से मारने की धमकियों ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। पढ़ाई के लिए अपने ननिहाल में रह रही एक छात्रा अब अपने ही घर में कैद रहने को मजबूर है।

पीड़िता अपनी पढ़ाई जारी रखने के लिए बाड़ा जगन्नाथ स्थित अपनी नानी के घर रह रही है। बीते गुरुवार को जब वह स्कूल से घर लौट रही थी, तो रास्ते में गरहां निवासी शिवकुमार नामक युवक ने अपने चार साथियों के साथ उसे घेर लिया। शोहदे ने सरेराह छात्रा पर शादी करने का दबाव बनाया। जब छात्रा ने इस घिनौनी हरकत का विरोध किया, तो आरोपी ने उसे डराने के लिए एसिड अटैक की धमकी दी। उसने न सिर्फ छात्रा के चेहरे को तेजाब से बर्बाद करने की बात कही, बल्कि उसके पूरे परिवार को खत्म करने की भी धमकी दी।

यह सिलसिला महज सड़क पर हुई छेड़खानी तक सीमित नहीं रहा। आरोपी शिवकुमार ने शुक्रवार से छात्रा को लगातार कॉल करके परेशान करना शुरू कर दिया। छात्रा के अनुसार, आरोपी उसे लगातार धमका रहा है कि अगर वह उससे नहीं मिली, तो वह उसे या उसके भाई को रास्ते में देख लेगा और उनके पैर तोड़ देगा। इस लगातार मिल रही धमकियों के कारण छात्रा का घर से निकलना मुहाल हो गया है और पूरा परिवार गहरी मानसिक पीड़ा और डर के साये में जीने को मजबूर है।

पीड़िता ने हिम्मत दिखाते हुए शनिवार को अहियापुर थाने में मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। इस घटना के बाद पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया है। अहियापुर थानेदार रोहन कुमार ने जानकारी दी कि छात्रा के बयान के आधार पर आरोपी शिवकुमार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस फिलहाल मामले की गहन छानबीन कर रही है और आरोपियों की धर-पकड़ के लिए छापेमारी की जा रही है। इलाके के लोग अब इस बात से डरे हुए हैं कि अगर ऐसे दरिंदों पर लगाम नहीं कसी गई, तो वे किसी बड़ी घटना को अंजाम दे सकते हैं।

मणिभूषण की रिपोर्ट