5 साल से लोकायुक्त की कुर्सी खाली होने पर पटना हाईकोर्ट नाराज, मुख्य सचिव पेश होने का आदेश

वर्तमान समय में बिहार में कोई लोकायुक्त के पद पर नहीं है।कोर्ट का कहना था कि गत 15 जून को इस मामले में निर्देश लेने को कहा था।लेकिन पहली बार गत 13 जुलाई को बताया गया कि पद रिक्त है। इसके बाद कोर्ट ने मुख्य सचिव को पक्षकार बनाकर जवाब दाखिल करने का आ

Patna High Court on  Lokayukta Post
Patna High Court on Lokayukta Post- फोटो : news4nation

Bihar News :  पटना हाईकोर्ट ने राज्य में लोकायुक्त का पद पिछले 5 वर्षों से खाली रहने को लेकर कड़ी नाराजगी जताई है। हाईकोर्ट ने कहा कि आखिर इतने लंबे समय से पद क्यों रिक्त हैं।कोर्ट ने लोकायुक्त की बहाली से सम्बंधित संचिका के साथ मुख्य सचिव को व्यक्तिगत रूप से अगली सुनवाई में कोर्ट में उपस्थित होने का निर्देश दिया। जस्टिस अंशुल राज  की एकलपीठ ने एक साथ दो अलग मामले पर एक साथ सुनवाई करते हुए जानना चाहा कि आखिर किस कारण से अब तक पद रिक्त हैं, जबकि लोकायुक्त कानून के तहत चार माह के भीतर नये लोकायुक्त का बहाली कर लेना है।


इस सुनवाई के दौरान कोर्ट को बताया गया कि पिछले पांच वर्षों से किसी की नियुक्ति नहीं हुई हैं। वर्तमान समय में बिहार में कोई लोकायुक्त के पद पर नहीं है।कोर्ट का कहना था कि गत 15 जून को इस मामले में निर्देश लेने को कहा था।लेकिन पहली बार गत 13 जुलाई  को बताया गया कि पद रिक्त है। इसके बाद कोर्ट ने मुख्य सचिव को पक्षकार बनाकर जवाब दाखिल करने का आदेश दिया। इसके बाद मुख्य सचिव की ओर से 3 अगस्त को शपथ पत्र दाखिल की गई।दाखिल शपथ पत्र पर कोर्ट ने कहा कि यह टालमटोल वाला जबाब है।लोकायुक्त सदस्य का पद 17 मई, 2021 और लोकायुक्त का पद 13 फरवरी 2022 से रिक्त है, लेकिन शपथ पत्र में तारीख तक का जिक्र नहीं हैं।


हाईकोर्ट कोर्ट ने कहा कि नियुक्ति के लिए पहला कदम करीब 25 माह बाद 21 जून ,2023 को उठाया गया और सर्च कमेटी बनाई गई। कोर्ट ने कहा कि बीच के 41 महीनों 17 मई, 2021 से 21 जून, 2023 और 15 मार्च, 2024 से 18 जुलाई, 2025 तक सरकार ने क्या किया, इसका एक भी पत्र या नोट मुख्य सचिव के जबाब में नहीं दिया गया हैं। 


कोर्ट ने कहा कि  लोकायुक्त की नियुक्ति के लिए बिहार लोकायुक्त अधिनियम, 2011 की धारा 4(7)(एफ) में सर्च कमेटी को 3 महीने और धारा 4(8) में सेलेक्शन कमेटी को 1 महीना का समय निर्धारित किया गया है।नियुक्ति के लिये 4 महीने की प्रक्रिया को 5 साल तक खींचना "स्वाभाविक समय" नहीं कहा जा सकता।कोर्ट ने आश्चर्य व्यक्त करते हुए कहा कि सिविल प्रशासन के सबसे बड़े अधिकारी से ऐसे शपथ पत्र की उम्मीद नहीं थी। 


कोर्ट ने कहा कि वह लोकायुक्त की नियुक्ति वाली याचिका पर सुनवाई नहीं कर रहा हैं ,बल्कि एक ऐसे मामले पर सुनवाई कर  रहा है, जहां लोकायुक्त के आदेश से एक सेवानिवृत्त अधिकारी की पेंशन कट रही है।कोर्ट ने मुख्य सचिव को पूरक शपथ पत्र दाखिल करने का आदेश दिया।साथ ही कहा कि 17 मई, 2021 से 21 जून ,2023 और 15 मार्च, 2024 से 18 जुलाई, 2025 के बीच उठाए गए हर कदम की तारीख-वार स्पष्ट जानकारी और दस्तावेज दें।


कोर्ट ने मामले पर अगली सुनवाई की तारीख 2 दिसम्बर ,2026 निर्धारित की और कहा कि मुख्य सचिव व्यक्तिगत रूप से कोर्ट में नियुक्ति से संबंधित संचिका के साथ उपस्थित रहे।कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि व्यक्तिगत पेशी का आदेश शपथ पत्र में लिए गए स्टैंड के कारण नहीं, बल्कि इसलिए है कि मूल फाइल को अधिकारी के साथ बैठकर देखा जा सके, जो वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से संभव नहीं है।