Bihar News : संविधान दिवस की पूर्व संध्या पर मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने दी शुभकामनाएं, कहा- समान अवसर और न्याय ही संविधान का असली सम्मान

Bihar News : मंत्री संतोष सुमन ने कहा कि भारतीय संविधान महज शासन चलाने का एक दस्तावेज नहीं है, बल्कि यह देश के प्रत्येक नागरिक के सम्मान, मौलिक अधिकारों, स्वतंत्रता और समान अवसरों की गारंटी देने वाला हमारा राष्ट्रीय संकल्प है।

Bihar News : संविधान दिवस की पूर्व संध्या पर मंत्री डॉ. संतो
संविधान दिवस की बधाई - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (से.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं लघु जल संसाधन मंत्री, बिहार सरकार डॉ. संतोष कुमार सुमन ने संविधान दिवस की पूर्व संध्या पर देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारतीय संविधान केवल शासन चलाने का दस्तावेज नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक के सम्मान, अधिकार, स्वतंत्रता और समान अवसरों की गारंटी देने वाला हमारा राष्ट्रीय संकल्प है।

मंत्री ने कहा की 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था। संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर सहित संविधान सभा के सभी महान सदस्यों का योगदान देश सदैव याद रखेगा।

डॉ. सुमन ने कहा कि संविधान की प्रस्तावना में निहित सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के आदर्शों को धरातल पर उतारना हम सभी की जिम्मेदारी है। विशेष रूप से गरीबों, दलितों, महादलितों, पिछड़ों, अतिपिछड़ों, महिलाओं और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों को शिक्षा, रोजगार, सम्मान और विकास के समान अवसर उपलब्ध कराना ही संविधान की भावना का वास्तविक सम्मान है।

उन्होंने कहा कि आज आवश्यकता है कि हम संविधान के अधिकारों के साथ-साथ उसमें निहित लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिक कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक रहें। बाबा साहेब के विचारों और संवैधानिक आदर्शों को आत्मसात कर एक ऐसे भारत के निर्माण का संकल्प लें, जहां किसी भी नागरिक के साथ जाति, धर्म, वर्ग अथवा आर्थिक स्थिति के आधार पर भेदभाव न हो और प्रत्येक व्यक्ति को सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अवसर मिले।