Patna Silver Fraud: फर्जी पुलिसकर्मियों ने पटना में कोलकाता के ज्वेलर्स स्टाफ से शातिरों ने ठगे 28 किलो चांदी, जांच के नाम पर दिया चकमा
Patna Silver Fraud: पटना में नकली पुलिस बनकर बदमाशों ने कोलकाता के ज्वेलरी कर्मचारियों से 28 किलो चांदी ठग ली। चित्रगुप्त नगर थाना में केस दर्ज, पुलिस जांच में जुटी।
Patna Silver Fraud: पटना में अपराधियों का हौसला इतना बढ़ गया है कि अब वे पुलिस बनकर भी बड़ी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। राजधानी के चित्रगुप्त नगर थाना इलाके से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां बदमाशों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर कोलकाता के एक बड़े ज्वेलरी शोरूम के कर्मचारियों से 28 किलो चांदी के गहने ठग लिए। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, उपेंद्र कुमार और रोहित सिंह कोलकाता के आवेद खान की मशहूर दुकान ‘खान ज्वेलर्स’ में काम करते हैं। दोनों कर्मचारी बड़ी मात्रा में चांदी के जेवर लेकर कोलकाता से बस के जरिए पटना पहुंचे थे। दोनों शुक्रवार रात करीब 8 बजे बैरिया बस स्टैंड पर उतरे। वहां से उन्हें पटना के प्रसिद्ध सर्राफा बाजार बाकरगंज स्थित ‘श्री ज्वेलर्स’ जाना था। इसके लिए दोनों ने एक ऑटो रिजर्व किया और बाकरगंज के लिए निकल गए।
खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए पूछताछ शुरू कर दी
बताया गया कि जैसे ही उनका ऑटो कांटी फैक्ट्री रोड के पास पहुंचा, तभी पीछे से बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे। दोनों ने ऑटो रुकवाया और खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए पूछताछ शुरू कर दी। इसी दौरान थोड़ी देर बाद एक तीसरा युवक भी वहां पहुंचा और उसने आते ही उन दोनों कथित पुलिसवालों को सैल्यूट किया। यह पूरा दृश्य देखकर उपेंद्र और रोहित को उन लोगों पर बिल्कुल भी शक नहीं हुआ। उन्हें लगा कि वे सच में पुलिस अधिकारी हैं। इसके बाद नकली पुलिसकर्मियों ने सुरक्षा जांच का बहाना बनाकर उपेंद्र कुमार के पास मौजूद पिट्ठू बैग अपने कब्जे में ले लिया। उस बैग में 28 किलो चांदी के गहने रखे हुए थे।
जांच के लिए बैग थाने ले जानें की बात कही
बदमाशों ने दोनों कर्मचारियों से कहा कि जांच के लिए बैग थाने ले जाया जा रहा है और वे दोनों पीछे-पीछे थाने पहुंच जाएं। लेकिन जब तक उपेंद्र और रोहित कुछ समझ पाते, तीनों आरोपी बाइक पर सवार होकर वहां से भाग निकले।उपेंद्र कुमार के बैग में 28 किलो चांदी थी, जिसे बदमाश लेकर फरार हो गए। हालांकि उनके साथी रोहित सिंह के पास मौजूद 33 किलो चांदी के गहने सुरक्षित बच गए। घटना के बाद दोनों कर्मचारियों ने तुरंत चित्रगुप्त नगर थाना पहुंचकर पुलिस को पूरी जानकारी दी। उपेंद्र कुमार के लिखित बयान के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं
पुलिस का कहना है कि इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और बदमाशों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। अधिकारियों ने कहा है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। इस घटना के बाद पटना में सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था पर फिर सवाल खड़े हो गए हैं।
पटना से अनिल की रिपोर्ट