पटना में सड़क हादसे के बाद हिंसा, बस समेत पुलिस की कई गाड़ियां फूंकी, करोड़ों की संपत्ति का नुकसान
उग्र भीड़ ने पुलिस का भी विरोध शुरू कर दिया। हालात इतने बिगड़ गए कि पुलिसकर्मियों को पीछे हटना पड़ा। भीड़ ने पुलिस की तीन गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया, जबकि दो पुलिस मोटरसाइकिलों में भी आग लगा दी। इसके अलावा कई अन्य वाहनों में तोड़फोड़ की गई।
Bihar News : राजधानी पटना के पटना सिटी इलाके में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे के बाद हालात बेकाबू हो गए। नेशनल हाईवे पर पहाड़ी के समीप तेज रफ्तार यात्री बस की चपेट में आने से 26 वर्षीय युवक मनीष कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और देखते ही देखते पूरा इलाका हिंसा की चपेट में आ गया। आक्रोशित भीड़ ने बस समेत पुलिस और प्रशासन के कई वाहनों में आग लगा दी। घटना में करोड़ों रुपये की सरकारी और निजी संपत्ति के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मनीष कुमार सड़क पार कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार और अनियंत्रित बस ने उन्हें कुचल दिया। हादसे की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर जुट गए। मृतक स्थानीय निवासी होने के कारण लोगों का गुस्सा और बढ़ गया। देखते ही देखते भीड़ ने हादसे के लिए जिम्मेदार बस को घेर लिया और उसमें आग लगा दी। कुछ ही देर में बस धू-धू कर जलने लगी।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन उग्र भीड़ ने पुलिस का भी विरोध शुरू कर दिया। हालात इतने बिगड़ गए कि पुलिसकर्मियों को पीछे हटना पड़ा। भीड़ ने पुलिस की तीन गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया, जबकि दो पुलिस मोटरसाइकिलों में भी आग लगा दी। इसके अलावा कई अन्य वाहनों में तोड़फोड़ की गई। कुल मिलाकर करीब एक दर्जन छोटे-बड़े वाहनों को आग के हवाले किया गया या क्षतिग्रस्त कर दिया गया।
पुलिस को खदेड़ा, दमकल पीछे हटी
हिंसा के दौरान जिला प्रशासन के वाहन को भी नुकसान पहुंचाया गया। मौके पर कवरेज के लिए पहुंचे मीडियाकर्मियों को भी आक्रोशित लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा और उन्हें घटनास्थल से हटना पड़ा। आग बुझाने के लिए दमकल की गाड़ियां पहुंचीं, लेकिन भीड़ के उग्र तेवरों को देखते हुए उन्हें भी तत्काल कार्रवाई में कठिनाई का सामना करना पड़ा। स्थिति लगातार बिगड़ती देख अतिरिक्त पुलिस बल और वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर बुलाया गया। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने हालात पर नियंत्रण पाया और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।
पटना सिटी के एएसपी राजकिशोर सिंह ने बताया कि सड़क हादसे में एक युवक की मौत हुई है। हादसे के बाद उग्र भीड़ ने बस और पुलिस के कई वाहनों में आग लगा दी। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
छह साल पुरानी मांग फिर बनी चर्चा का विषय
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने एक बार फिर नेशनल हाईवे पर अंडरपास निर्माण की मांग उठाई है। ग्रामीणों का कहना है कि हाईवे पार करने के लिए सुरक्षित व्यवस्था नहीं होने के कारण यहां अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। उनका आरोप है कि पिछले विधानसभा चुनाव से पहले अंडरपास और लिंक रोड निर्माण की घोषणा की गई थी, लेकिन छह वर्ष बीत जाने के बाद भी यह परियोजना धरातल पर नहीं उतर सकी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते अंडरपास का निर्माण हो गया होता, तो इस तरह की दुर्घटनाओं और उसके बाद होने वाले हिंसक विरोध से बचा जा सकता था। लगातार हो रहे हादसों और अधूरे वादों को लेकर इलाके में लोगों में भारी नाराजगी है। अब प्रशासन के सामने न केवल कानून-व्यवस्था बहाल रखने की चुनौती है, बल्कि लंबे समय से लंबित बुनियादी मांगों को पूरा करने का दबाव भी बढ़ गया है।
रजनीश की रिपोर्ट