पटना के महाबलिपुर में नए पुलिस ओपी का शुभारंभ : डीएसपी-2 पंकज शर्मा ने कहा, विधि-व्यवस्था और यातायात होगा नियंत्रित

पटना के महाबलिपुर में नए पुलिस ओपी का शुभारंभ : डीएसपी-2 पंक
महाबलिपुर में नए पुलिस ओपी का शुभारंभ- फोटो : ऋषिकेश कुमार

Patna : पटना जिले के पालीगंज अनुमंडल मुख्यालय के अंतर्गत महाबलिपुर में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से एक नए पुलिस ओपी (आउटपोस्ट) का शुभारंभ किया गया है। सिटी एसपी वेस्ट संकेत कुमार, पालीगंज डीएसपी 1 राजीव चंद्र सिंह, पालीगंज डीएसपी 2 पंकज कुमार शर्मा, पालीगंज थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह और नवनियुक्त ओपी प्रभारी दीपक कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर इसका विधिवत उद्घाटन किया।


क्यों पड़ी नए ओपी की जरूरत

यह नया पुलिस ओपी पालीगंज थाना क्षेत्र के पश्चिमी हिस्से से महाबलिपुर और सियारामपुर पंचायतों को अलग करके बनाया गया है। इस क्षेत्र से पटना-औरंगाबाद एनएच-139 (NH-139) गुजरता है, जिस पर सोन नदी से बालू ढुलाई के कारण प्रतिदिन भारी संख्या में वाहनों का आवागमन होता है। इस वजह से यहां अक्सर महाजाम की स्थिति बनी रहती थी, जिससे आम जनता को परेशानी और विधि-व्यवस्था की समस्या का सामना करना पड़ता था। इन तमाम समस्याओं से निजात दिलाने के लिए ही इस ओपी की स्थापना की गई है।


अंकुरी गांव के सामुदायिक भवन में बना है ओपी

फिलहाल महाबलिपुर ओपी को अंकुरी गांव स्थित सामुदायिक भवन में स्थापित किया गया है। पुलिस अवर निरीक्षक दीपक कुमार को इस नए ओपी का प्रभारी नियुक्त किया गया है। उनके सहयोग के लिए एएसआई रोहितेश्वर कुमार और नीरज कुमार सहित लगभग आधा दर्जन सशस्त्र पुलिस बलों की तैनाती भी की गई है।


यादगार और असरदार होगी पुलिस की मौजूदगी

उद्घाटन के बाद पत्रकारों को संबोधित करते हुए पालीगंज डीएसपी-2 पंकज शर्मा ने कहा कि महाबलिपुर ओपी के शुरू होने से इस पूरे इलाके में विधि-व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखने और सड़क जाम की समस्या पर प्रभावी ढंग से नियंत्रण पाने में मदद मिलेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह नया ओपी क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और सुचारु यातायात संचालन के लिए बेहद कारगर साबित होगा।


ऋषिकेश की रिपोर्ट