School Closed : पटना में भीषण गर्मी से DM ने छात्रों को दी राहत, स्कूलों को बंद करने का जारी किया आदेश, कई कक्षाओं की बदली टाइमिंग
School Closed : अत्यधिक गर्मी के कारण बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए डीएम पटना ने कक्षा पाँच तक की शैक्षणिक गतिविधियों को पूरी तरह प्रतिबंधित किया है....पढ़िए आगे
PATNA : बिहार की राजधानी पटना में सूरज के तल्ख तेवर और अत्यधिक गर्मी को देखते हुए जिला प्रशासन ने बच्चों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। पटना के जिलाधिकारी ने जिले के अंतर्गत आने वाले सभी सरकारी और निजी विद्यालयों (प्री-स्कूल, कोचिंग संस्थान एवं आँगनबाड़ी केन्द्रों सहित) में कक्षा पाँचवीं तक की सभी शैक्षणिक गतिविधियों को पूरी तरह से प्रतिबंधित (बंद) करने का आदेश जारी किया है। छोटे बच्चों को लू और हीटवेव के खतरे से बचाने के लिए यह फैसला लिया गया है।
छोटे बच्चों के स्कूल पूरी तरह बंद रखने के साथ ही, जिलाधिकारी ने सीनियर क्लास के छात्रों के लिए भी गाइडलाइंस जारी की है। आदेश के मुताबिक, कक्षा छह से लेकर आठवीं तक की कक्षाएं अब केवल सुबह 10:30 बजे पूर्वाह्न तक ही संचालित की जा सकेंगी। इसके बाद किसी भी परिस्थिति में क्लास चलाने की अनुमति नहीं होगी, ताकि बच्चे दोपहर की भीषण तपिश और धूप शुरू होने से पहले सुरक्षित अपने घरों को लौट सकें। डीएम का यह आदेश "यह आदेश आगामी 22 मई, 2026 से 26 मई, 2026 तक प्रभावी रूप से लागू रहेगा।
इस सरकारी आदेश को कड़ाई से लागू करवाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। जिलाधिकारी ने जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO), जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (ICDS), जिले के सभी अनुमंडल पदाधिकारियों (SDO) और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों (SDPO) को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में इस आदेश का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराएं।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, मई के इस सप्ताह में तापमान में और बढ़ोतरी होने की संभावना है, जिससे हीटस्ट्रोक (लू लगना) का खतरा बढ़ गया है। ऐसे में जिला प्रशासन के इस संवेदनशील फैसले से अभिभावकों और प्रबुद्ध जनों ने बड़ी राहत की सांस ली है, क्योंकि दोपहर के समय स्कूल से लौटते वक्त बच्चों के बीमार होने का सबसे ज्यादा डर बना हुआ था।