Patna Dhanteras security: धनतेरस पर पटना के 5 सर्राफा बाजारों में पुलिस का पहरा, सादे कपड़ों में रहेंगी महिला जवान

Patna Dhanteras security: धनतेरस पर पटना के बाकरगंज, बोरिंग रोड समेत पांच प्रमुख सर्राफा बाजारों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात होगा। महिला पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में भी निगरानी करेंगी।

Patna Dhanteras security

Patna Dhanteras security: धनतेरस पर सोने-चांदी और आभूषणों की खरीदारी के लिए बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए पटना पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने की तैयारी की है। शहर के प्रमुख सर्राफा बाजारों और बड़े ज्वेलरी शोरूम के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। बाइक गश्ती और स्कूटी पेट्रोलिंग के जरिए पुलिस की टीमें लगातार बाजारों में निगरानी रखेंगी।


एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा ने बताया कि थाना स्तर पर पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ पुलिस लाइन से भी अतिरिक्त जवान लगाए गए हैं। बाजारों में बड़ी संख्या में महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती होगी। इसके अलावा, सादे कपड़ों में भी महिला पुलिसकर्मी संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेंगी।


पटना के पांच प्रमुख सर्राफा बाजारों पर रहेगी विशेष नजर


धनतेरस के दौरान बाकरगंज, बोरिंग रोड, कंकड़बाग, राजाबाजार और पटना सिटी के सर्राफा बाजारों में विशेष सतर्कता बरती जाएगी। इन इलाकों के बड़े ज्वेलरी शोरूम और आभूषण दुकानों के बाहर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने का निर्देश दिया गया है। सभी थानेदारों को अपने-अपने क्षेत्रों में गश्ती बढ़ाने और पुलिसकर्मियों को लगातार सड़कों पर सक्रिय रखने को कहा गया है। भीड़भाड़ वाले बाजारों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाकर चोरी, छिनतई और दूसरी आपराधिक घटनाओं को रोकने की तैयारी है।


ICCC कैमरों से होगी बाजारों की निगरानी


शहर के प्रमुख बाजारों और संवेदनशील इलाकों पर इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC) के जरिए सीसीटीवी कैमरों से नजर रखी जाएगी। पुलिस ने बैंक और एटीएम के आसपास भी सुरक्षा मजबूत रखने का निर्देश दिया है। खरीदारी के लिए बैंक या एटीएम से नकदी निकालने वाले लोगों को निशाना बनाने वाले अपराधियों पर विशेष नजर रहेगी। पुलिस का उद्देश्य धनतेरस के दौरान बाजारों में खरीदारी करने आने वाले लोगों को सुरक्षित माहौल देना और आपराधिक घटनाओं पर रोक लगाना है।