Patna News: पटना में प्रॉपर्टी टैक्स वसूली का अभियान, 478 संपत्तिधारकों से 31.04 लाख की हुई वसूली

Patna News: पटना नगर निगम ने विभिन्न अंचलों में प्रॉपर्टी टैक्स कलेक्शन और टैक्स असेसमेंट को लेकर अभियान चलाया। ...

Patna Civic Body Collects Rs 31 Lakh Property Tax
पटना में प्रॉपर्टी टैक्स वसूली का अभियान- फोटो : social Media

Patna News: पटना नगर निगम ने विभिन्न अंचलों में प्रॉपर्टी टैक्स कलेक्शन और टैक्स असेसमेंट को लेकर अभियान चलाया। इस दौरान निगम की टीम ने 478 संपत्तिधारकों से कुल 31.04 लाख रुपये संपत्ति कर की वसूली की। वहीं 116 नई संपत्तियों का कर निर्धारण भी किया गया। निगम की कार्रवाई के दौरान कई संपत्तियों के पुराने टैक्स रिकॉर्ड की भी जांच की गई।

निगम के मुताबिक, पाटलिपुत्र अंचल में 136 संपत्तिधारकों से 8.46 लाख रुपये, कंकड़बाग में 91 संपत्तियों से 4.05 लाख रुपये, नूतन राजधानी अंचल में 79 संपत्तियों से 11 लाख रुपये, अजीमाबाद में 78 संपत्तियों से 2.69 लाख रुपये, बांकीपुर में 62 संपत्तियों से 4 लाख रुपये और पटना सिटी में 32 संपत्तिधारकों से 77 हजार रुपये प्रॉपर्टी टैक्स वसूला गया।

नई संपत्तियों के कर निर्धारण में नूतन राजधानी अंचल सबसे आगे रहा। यहां 32 नई संपत्तियों का टैक्स असेसमेंट किया गया। इसके अलावा कंकड़बाग में 26, पाटलिपुत्र में 24, अजीमाबाद में 21, बांकीपुर में सात और पटना सिटी में छह नई संपत्तियों का कर निर्धारण किया गया।

अभियान के दौरान 29 संपत्तियों के निर्धारित टैक्स का पुनर्मूल्यांकन भी किया गया। स्थल निरीक्षण में पांच संपत्तियों की वास्तविक स्थिति और निगम के रिकॉर्ड में दर्ज टैक्स विवरण में अंतर पाया गया। इसके बाद इन संपत्तियों का पेनाल्टी के साथ दोबारा टैक्स असेसमेंट किया गया।

नगर निगम ने संपत्तिधारकों से अपील की है कि मूल कर निर्धारण के बाद यदि उनकी संपत्ति में निर्माण, विस्तार या किसी अन्य तरह का बदलाव हुआ है, तो वे इसकी जानकारी निगम को दें। साथ ही स्वयं पुनर्मूल्यांकन कराकर ऑनलाइन टैक्स विवरण अपडेट कराएं। निगम का कहना है कि सही और अद्यतन संपत्ति विवरण से कर निर्धारण में पारदर्शिता आएगी और भविष्य में अनावश्यक विवाद से भी बचा जा सकेगा।