Patna Murder: बुद्धा कॉलोनी में डांस विवाद के बाद युवक की चाकू मारकर हत्या, पुलिस ने बरामद किया हथियार

राजधानी पटना के बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र में मंगलवार की सुबह खूनी संघर्ष में तब्दील हो गई। दूजरा देवी स्थान गली में एक शादी समारोह के दौरान डीजे पर डांस को लेकर हुए विवाद में विकास नाम के युवक की चाकू गोदकर निर्मम हत्या कर दी गई।

Patna Murder Case
मृतक विकास का फाइल फोटो और घटनास्थल की तस्वीर- फोटो : news 4 nation

बिहार की राजधानी पटना के बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र में मंगलवार की सुबह खूनी संघर्ष में तब्दील हो गई। दूजरा देवी स्थान गली में एक शादी समारोह के दौरान डीजे पर डांस को लेकर हुए विवाद में विकास नाम के युवक की चाकू गोदकर निर्मम हत्या कर दी गई। घटना उस समय हुई जब बारातियों और स्थानीय लड़कों के बीच चल रहे झगड़े में बीच-बचाव करने पहुंचे विकास पर आरोपियों ने हमला कर दिया। इस वारदात के बाद इलाके में तनाव और गम का माहौल है।


बारात में आए युवकों और स्थानीय लड़कों के बीच भिड़ंत

जानकारी के अनुसार, ललित महतो की बेटी की शादी के लिए बारात पटना सिटी के मालसलामी से आई थी। देर रात डीजे पर नाच-गाने के दौरान बारात में आए कुछ शरारती तत्वों और स्थानीय युवकों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच बेल्ट और लात-घूंसों से मारपीट होने लगी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात करीब 1 बजे पुलिस ने दखल देकर मामला शांत कराया था, लेकिन पुलिस के जाते ही रात 3 बजे दोबारा हिंसा भड़क उठी।


घर में छिपने की कोशिश और निर्दोष भाई पर हमला

मारपीट के दौरान खुद को बचाने के लिए कुछ बाराती पास के ही एक खुले दरवाजे वाले घर में घुस गए। पीछा कर रहे आरोपी लड़कों ने उस घर का दरवाजा पीटना शुरू कर दिया। जब घर के सदस्य नीरज ने बाहर निकलकर कारण पूछना चाहा, तो हमलावरों ने उसे बाराती समझकर उसका सिर फोड़ दिया। अपने बड़े भाई को लहूलुहान देख छोटा भाई विकास जब स्थिति संभालने और पूछताछ करने पहुंचा, तो आरोपियों ने उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उसकी जान चली गई।


पुलिस की मौजूदगी के बावजूद हुई हत्या, कानून-व्यवस्था पर सवाल

मृतक की बहन और स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं। बताया गया कि रात 1 बजे जब पहली बार झड़प हुई थी, तब पुलिस की गश्ती गाड़ी मौके पर मौजूद थी और पुलिस ने लाठी चलाकर भीड़ को तितर-बितर किया था। हालांकि, पुलिस के समझाने के बाद लड़के शांत तो हुए, लेकिन पुलिस के वहां से हटते ही तड़के 3 बजे फिर से मारपीट शुरू हो गई। परिजनों का आरोप है कि अगर पुलिस की मुस्तैदी बनी रहती, तो शायद विकास की जान बच सकती थी।


दो बाइक और चाकू बरामद, आरोपियों की तलाश में छापेमारी

बुद्धा कॉलोनी थानाध्यक्ष पल्लव के मुताबिक, पुलिस को सुबह करीब 4:30 बजे घटना की सूचना मिली। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल से दो लावारिस बाइक और वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद कर लिया है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।