Bihar News : गया महिला थाना बना अखाड़ा, सुलह करने पहुंची सास-बहू में जमकर चले लात-घूंसे, हेलमेट से फोड़ा सिर

Bihar News : गया महिला थाना बना अखाड़ा, सुलह करने पहुंची सास

GAYAJI : मोक्ष की नगरी गयाजी के महिला थाने में उस वक्त अजीबोगरीब स्थिति उत्पन्न हो गई, जब एक पारिवारिक विवाद को सुलझाने आई सास और बहू आपस में ही भिड़ गईं। शांति और समझौते के लिए बुलाए गए दोनों पक्ष थाना परिसर के भीतर ही एक-दूसरे के खून के प्यासे हो गए। देखते ही देखते थाना परिसर रणक्षेत्र में तब्दील हो गया और पुलिसकर्मी मूकदर्शक बनकर कुछ देर के लिए हतप्रभ रह गए।

जानकारी के अनुसार, मामला चंदौती थाना क्षेत्र के बहादुर बीघा गांव से जुड़ा है। पारिवारिक कलह के एक मामले में महिला थाना पुलिस ने दोनों पक्षों को काउंसलिंग और समझौते के लिए बुलाया था। अभी पुलिस अधिकारियों के सामने बातचीत शुरू भी नहीं हुई थी कि थाना परिसर में ही किसी बात को लेकर सास और बहू के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि दोनों ने मर्यादा की सीमाएं लांघ दीं।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हाथापाई के दौरान गुस्सा इस कदर हावी था कि बहू ने पास ही रखे एक हेलमेट से अपनी सास पर जोरदार हमला कर दिया। हेलमेट के प्रहार से सास गंभीर रूप से घायल हो गई। इस दौरान मौके पर मौजूद परिजनों ने दोनों को अलग करने की काफी कोशिश की, लेकिन आक्रोशित महिलाएं एक-दूसरे पर टूटती रहीं। शोर-शराबा सुनकर थाने के भीतर मौजूद महिला पुलिसकर्मी तुरंत बाहर आईं और स्थिति को संभाला।

महिला थाना पुलिस की तत्परता से करीब आधे घंटे तक चले इस ड्रामे पर काबू पाया जा सका। पुलिस ने दोनों पक्षों को कड़ाई से अलग किया और घायल महिला को प्राथमिक उपचार के लिए निर्देशित किया। इस घटना के बाद थाना परिसर में काफी देर तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा। पुलिस की ओर से सख्त लहजे में चेतावनी दी गई है कि कानून को हाथ में लेना महंगा पड़ सकता है।

फिलहाल, पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराकर वापस घर भेज दिया है, लेकिन साथ ही यह स्पष्ट हिदायत दी है कि भविष्य में इस तरह की हिंसा दोबारा न हो। पुलिस अब इस मामले को कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे बढ़ाने पर विचार कर रही है। अधिकारियों ने अपील की है कि पारिवारिक विवादों को संयम और बातचीत से सुलझाएं, न कि हिंसा का सहारा लें। 

मनोज की रिपोर्ट