Patna News:बिक्रम में सरकारी सहयोग शिविर का आयोजन,ऑन-द-स्पॉट सुनी गईं समस्याएं, SDM ने दिए कड़े निर्देश

पटना के बिक्रम नगर पंचायत के असपुरा में राज्य सरकार की विशेष पहल पर 'सहयोग शिविर' लगाया गया। जहां जमीन विवाद, पेंशन और बिजली से जुड़ी सैकड़ों शिकायतों की ऑन-द-स्पॉट सुनवाई हुई। कार्यक्रम में पालीगंज एसडीएम भी मौजूद रहे।

Bikram Sahyog Shivir Patna
बिक्रम में सहयोग शिविर- फोटो : Reporter

राज्य सरकार की विशेष पहल के तहत मंगलवार को बिक्रम नगर पंचायत के असपुरा स्थित सूर्य मंदिर के समीप एक भव्य सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में नगर क्षेत्र सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों से बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं और शिकायतें लेकर पहुंचे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आम जनता की प्रशासनिक और विकास संबंधी समस्याओं का ऑन-द-स्पॉट (त्वरित) निष्पादन करना तथा सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे जरूरतमंदों तक पहुंचाना था।


भूमि विवाद से लेकर पेंशन तक की समस्याओं की हुई सुनवाई

शिविर में पहुंचे ग्रामीणों और स्थानीय नागरिकों ने प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष अपनी विभिन्न शिकायतें रखीं। इसमें मुख्य रूप से भूमि दस्तावेजों में त्रुटि सुधार, भूमि विवाद, नए बिजली खंभे लगाने, स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी, वृद्धावस्था एवं विधवा पेंशन की पेंडिंग फाइलें तथा पेयजल संकट जैसे जनहित से जुड़े मामले शामिल थे। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने सभी आवेदनों को पंजीकृत करते हुए शिकायतों को गंभीरता से सुना और उनके शीघ्र समाधान का पक्का भरोसा दिलाया।

अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने सुनीं जन-शिकायतें

इससे पूर्व, कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ नगरध्यक्ष मनीता देवी और कार्यपालक पदाधिकारी (EO) संजीव कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। शिविर के दौरान नगरध्यक्ष मनीता कुमारी, वार्ड पार्षद फुलझड़ियां देवी और ईओ संजीव कुमार ने स्वयं स्टॉल पर बैठकर लोगों की फरियाद सुनी। वहीं, पालीगंज के अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) चंदन कुमार ने भी शिविर का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके साथ ही, स्वास्थ्य विभाग के डॉ. राजेश कुमार, बिजली विभाग के एसडीओ सोनू कुमार और राजस्व व सामाजिक सुरक्षा विभाग के प्रभारियों ने अपने-अपने स्टॉल के माध्यम से लोगों को सेवाएं दीं।

रिपोर्ट - ऋषिकेश कुमार