वैशाली में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: तेल टैंकर के भीतर तहखाना बनाकर छुपा रखी थी 20 लाख की विदेशी शराब, पैक्स अध्यक्ष पर केस दर्ज

वैशाली में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: तेल टैंकर के भीतर तहखाना
तेल टैंकर से बरामद हुआ 20 लाख का शराब- फोटो : रिषभ कुमार

Vaishali : बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून को धरातल पर कड़ाई से लागू करने और शराब की बिक्री, भंडारण व सेवन के खिलाफ वैशाली पुलिस का विशेष अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में पुलिस ने एक बेहद शातिराना तरीके से की जा रही शराब तस्करी का भंडाफोड़ किया है। तस्करों ने पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए एक तेल टैंकर (टैंक लॉरी) के भीतर बकायदा एक गुप्त तहखाना बना रखा था, जिसमें लाखों रुपये मूल्य की विदेशी शराब छुपाई गई थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए टैंकर को जब्त कर पूरी खेप बरामद कर ली है।


गुप्त सूचना पर एसपी विक्रम सिहाग ने बनाई विशेष टीम

दरअसल, वैशाली के भगवानपुर थाना पुलिस को एक पुख्ता गुप्त सूचना मिली थी कि क्षेत्र के रामपुर बखरी गांव में एक तेल टैंकर के अंदर भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब छुपाकर रखी गई है, जिसे खपाने की तैयारी चल रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए वैशाली के पुलिस अधीक्षक (SP) विक्रम सिहाग ने तुरंत एक्शन लिया। उन्होंने लालगंज के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) गोपाल मंडल के सीधे नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया और त्वरित छापेमारी के निर्देश दिए।


157 कार्टन विदेशी शराब बरामद, कीमत लगभग 20 लाख रुपये

एसडीपीओ गोपाल मंडल के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए रामपुर बखरी गांव में चिन्हित स्थान पर योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की। पुलिस ने मौके से संदिग्ध तेल टैंकर को अपने कब्जे में ले लिया। शुरुआत में टैंकर ऊपर से सामान्य दिख रहा था, लेकिन जब पुलिस ने सघन तलाशी ली, तो टैंकर के आंतरिक हिस्से में वेल्डिंग कर बनाया गया एक बड़ा गुप्त तहखाना (कमरा) नजर आया। इस तहखाने को खोलते ही पुलिस के होश उड़ गए। इसके भीतर से अलग-अलग ब्रांड की कुल 157 कार्टन अवैध विदेशी शराब बरामद की गई।

  • बरामद शराब की कुल मात्रा: 1413 लीटर
  • शराब का बाजार मूल्य: लगभग 20 लाख रुपये


छापेमारी के दौरान फरार हुए तस्कर, पैक्स अध्यक्ष के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

पुलिस की भनक लगते ही मुख्य शराब तस्कर और उनके गुर्गे अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भागने में सफल रहे। हालांकि, वैशाली पुलिस ने तस्करों के इस सिंडिकेट से जुड़े मुख्य चेहरों की पहचान कर ली है। स्थानीय सूत्रों से मिल रही पुख्ता जानकारी के अनुसार, इस हाई-प्रोफाइल शराब तस्करी के मामले में पुलिस ने एक स्थानीय पैक्स (PACS) अध्यक्ष के खिलाफ नामजद प्राथमिकी (case) दर्ज की है।


अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज

भगवानपुर थाना पुलिस ने जब्त टैंकर और शराब को अपने कब्जे में लेकर थाने में उत्पाद अधिनियम और अन्य सुसंगत धाराओं के तहत केस दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस कप्तान के निर्देश पर फरार पैक्स अध्यक्ष और इस अवैध धंधे में शामिल अन्य सिंडिकेट माफियाओं की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।

रिषभ की रिपोर्ट