Patna Crime News: महिला सिपाही के पति ने खुद को मारी गोली, गंभीर हालत में AIIMS रेफर

पटना जिले के बिक्रम लाइब्रेरी के पास किराए के मकान में रह रहे डायल 112 में तैनात महिला सिपाही श्रुति कुमारी के पति ने पिस्तौल से खुद को गोली मार ली। गंभीर हालत में युवक को बेहतर इलाज के लिए पटना एम्स (AIIMS) भेजा गया है।

Patna AIIMS critical condition news
महिला सिपाही के पति ने खुद को मारी गोली- फोटो : Reporter

पटना जिले के बिक्रम इलाके में सोमवार को उस वक्त अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक महिला पुलिसकर्मी के पति ने संदिग्ध परिस्थितियों में खुद को गोली मार ली। घटना के बाद आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों का हुजूम जमा हो गया। गोली चलने की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे लोग खून से लथपथ पड़े युवक को देखकर दंग रह गए।


112 में तैनात है महिला सिपाही, किराए के मकान में रहता था परिवार

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला सिपाही श्रुति कुमारी बिहार पुलिस की आपातकालीन सेवा 'डायल 112' में तैनात हैं। वह अपने पति राज आर्या के साथ बिक्रम लाइब्रेरी के पास एक किराए के मकान में रह रही थीं। घटना के समय घर के अंदर अचानक पिस्टल से गोली चलने की आवाज आई, जिसके बाद कमरे में श्रुति के पति गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले।

गंभीर हालत में घायल को एम्स पटना किया गया रेफर

घटना के तुरंत बाद पुलिस विभाग और स्थानीय प्रशासन को इसकी सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने बिना देर किए घायल युवक को उठाकर अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद युवक की बिगड़ती हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए पटना एम्स (AIIMS) रेफर कर दिया, जहां उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।


पुलिस जांच में जुटी, घरेलू विवाद की आशंका

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की गहनता से तफ्तीश कर रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि युवक के पास पिस्टल कहां से आई और उसने खुद को गोली क्यों मारी। फिलहाल घटना के पीछे पारिवारिक या मानसिक तनाव की आशंका जताई जा रही है और परिजनों से पूछताछ जारी है।

बिक्रम से ऋषिकेश की रिपोर्ट