Bihar Four Lane: पटना से सासाराम अब सिर्फ 2 घंटे में! इस नए फोरलेन हाईवे ने खत्म किया जाम का झंझट, जानें कब से शुरू होगा काम

Bihar Four Lane: बिहार की महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं में शामिल पटना-भोजपुर-सासाराम फोरलेन के निर्माण को लेकर बड़ी प्रगति हुई है। एनएचएआई और चयनित एजेंसी के बीच एग्रीमेंट होने के बाद अब जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की तैयारी है।

पटना-भोजपुर-सासाराम फोरलेन सड़क
पटना-भोजपुर-सासाराम फोरलेन सड़क- फोटो : social media

Bihar Four Lane:  बिहार में सड़क परियोजना पर कार्य तेजी से जारी है। इसी बीच पटना-भोजपुर-सासाराम फोरलेन सड़क से जुड़ी बड़ी अपडेट सामने आई है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने ओमान की गल्फर इंजीनियरिंग एंड कंस्ट्रक्शन कंपनी के साथ एग्रीमेंट कर लिया है। अब एजेंसी बैंक से ऋण लेने की प्रक्रिया में जुट गई है, जिसमें करीब चार महीने का समय लगेगा। ऐसे में सितंबर से निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है।

दो घंटे में होगी चार घंटे की सफर 

करीब 120 किलोमीटर लंबी यह फोरलेन सड़क पटना से शुरू होकर भोजपुर होते हुए सासाराम तक जाएगी। इसके निर्माण से पटना से सासाराम की यात्रा समय करीब चार घंटे से घटकर महज दो घंटे रह जाएगा। परियोजना को दो चरणों में पूरा किया जाएगा। पहले चरण में पटना से भोजपुर तक 46 किलोमीटर लंबी सड़क बनेगी, जबकि दूसरे चरण में आरा से सासाराम तक 74 किलोमीटर का निर्माण किया जाएगा।

2029 तक पूरा होने की संभावना

हालांकि, एजेंसी को ओमान से मंजूरी मिलने में देरी के कारण एग्रीमेंट प्रक्रिया में लगभग छह महीने का विलंब हुआ। पहले इस परियोजना को 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य था, लेकिन अब इसके 2029 तक पूरा होने की संभावना जताई जा रही है। यह फोरलेन सड़क एक्सेस-कंट्रोल्ड डिजाइन में बनेगी, जिससे सीमित स्थानों से ही प्रवेश और निकास होगा। इससे यात्रा अधिक सुरक्षित और तेज होगी।

इन जिलों को मिलेगा फायदा

इस कॉरिडोर के बनने से पीरो, नौबतपुर, अरवल, सहार, हसन बाजार, संझौली और नोखा जैसे इलाकों के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही पटना से भोजपुर, अरवल और रोहतास के रास्ते बनारस तक की यात्रा भी आसान हो जाएगी। यह परियोजना अरवल, रोहतास और आसपास के जिलों की कनेक्टिविटी को बेहतर बनाएगी। इसके अलावा यह सड़क कई राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों से जुड़कर पूरे क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को मजबूत करेगी।