पटना के बाढ़ में खूनी खेल: कोन्दी स्टैंड में अंधाधुंध फायरिंग, बेढना पूर्वी पंचायत मुखिया के परिजनों पर हमला
पटना जिले के बाढ़ थाना क्षेत्र के कोन्दी स्टैंड में अवैध जुए का विरोध करने और चुनावी रंजिश को लेकर बदमाशों ने बेढना पूर्वी पंचायत के मुखिया के बेटे और भाई को गोली मार दी। घायलों को गंभीर हालत में पटना रेफर किया गया है।
पटना जिले के बाढ़ थाना अंतर्गत कोन्दी स्टैंड में चुनावी रंजिश और अवैध जुआ खेलने का विरोध करने पर बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस हिंसक वारदात में बेढना पूर्वी पंचायत के मुखिया राजकुमार के 15 वर्षीय बेटे साहिल कुमार और 25 वर्षीय भाई पुरुषोत्तम कुमार को गोली लग गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और इस झड़प में कई अन्य लोग भी घायल हुए हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
जुआ खिलाने का विरोध करने पर विवाद
बासोबागी गांव के निवासी और वर्तमान मुखिया राजकुमार का बेटा साहिल बिहारशरीफ के एक प्राइवेट स्कूल में आठवीं कक्षा में पढ़ता है और गर्मी की छुट्टियों में घर आया हुआ था। शनिवार को वह अपने परिजनों के साथ बाजार गया था। घर लौटने के दौरान कोन्दी स्टैंड के पास कुछ लोगों को अवैध रूप से जुआ खिलाते देख वह रुक गया। साहिल और उसके परिजनों ने जब सार्वजनिक स्थान पर जुआ खिलाने का विरोध किया, तो वहां मौजूद बदमाशों से उनका विवाद हो गया।

चुनावी रंजिश में अंधाधुंध फायरिंग
विवाद बढ़ते ही बदमाशों ने हथियार निकाल लिए और जान मारने की नीयत से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इस गोलीबारी में एक गोली छात्र साहिल को और दूसरी गोली उसके चाचा पुरुषोत्तम कुमार को जा लगी। मुखिया राजकुमार ने सीधे तौर पर आरोप लगाया है कि पंचायत चुनाव नजदीक होने के कारण विरोधी उनसे चुनावी रंजिश रख रहे थे। इसी रंजिश और जुए के विवाद को बहाना बनाकर उनके परिवार को निशाना बनाया गया है।

तीन नामजद आरोपियों पर केस, घायलों को पटना रेफर
मुखिया ने शिक्षक राकेश कुमार, उनके भाई राजेश कुमार उर्फ मटरू और भुल्लू यादव पर गोली मारने का सीधा आरोप लगाया है। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों ने दोनों लहूलुहान घायलों को तुरंत बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया है। पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
बाढ़ से रविशंकर कुमार की रिपोर्ट