Patna theft: पटना पुलिस कॉलोनी में चोरी! बंद घर को निशाना बनाकर चोर ले गए लाखों के गहने

Patna theft: पटना के अनीसाबाद पुलिस कॉलोनी में बंद घर से 7 लाख के गहनों की चोरी हो गई। पुलिस जांच में जुट गई है और CCTV खंगाले जा रहे हैं।

Patna theft
पटना पुलिस कॉलोनी में चोरी!- फोटो : news4nation

राजधानी पटना से चोरी की एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां चोरों के एक गिरोह ने फिर से बंद घर को निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवरात चोरी कर लिए। यह मामला गर्दनिबाग थाना क्षेत्र के अनीसाबाद स्थित पुलिस कॉलोनी का है, जो आमतौर पर सुरक्षित इलाका माना जाता है।

जानकारी के अनुसार, इस घर के मालिक राजीव रंजन सिंह हैं, जो रिटायर इंजीनियर हैं। वे अपनी पत्नी का इलाज कराने के लिए पुणे गए हुए थे। गुरुवार की रात जब वे वापस अपने घर लौटे, तो अंदर का हाल देखकर उनके होश उड़ गए। घर में रखा सामान बिखरा हुआ था और कीमती गहने गायब थे।

घर का ताला टूटा हुआ नहीं

सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि घर का ताला टूटा हुआ नहीं था और आसपास किसी को इस चोरी की भनक तक नहीं लगी। चोरों ने बहुत ही शांति से घर के अंदर घुसकर पूरे घर को खंगाल दिया। पीड़ित के अनुसार, चोर बालकनी के रास्ते घर में दाखिल हुए और फिर आराम से चोरी को अंजाम दिया। चोर अपने साथ तीन सोने की चेन, चार सोने की अंगूठियां, चांदी के गहने और बर्तन लेकर फरार हो गए। चोरी हुए सामान की कुल कीमत लगभग सात लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस कॉलोनी में चोरी की घटना गंभीर

यह घटना इसलिए भी गंभीर मानी जा रही है क्योंकि यह पुलिस कॉलोनी में हुई है, जहां कई बड़े अधिकारियों के घर हैं। ऐसे सुरक्षित माने जाने वाले इलाके में इस तरह की चोरी ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। घटना की जानकारी मिलते ही गर्दनिबाग थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फॉरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि चोरों की पहचान की जा सके। फिलहाल पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस मामले का खुलासा किया जाएगा और आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। वहीं इस घटना के बाद इलाके के लोगों में डर का माहौल है और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।

पटना से अनिल की रिपोर्ट