Patna Airport: पटना से मुंबई जाना हुआ आसान! 29 मार्च से शुरु होगी फ्लाइट, देखिए शेड्यूल
Patna Airport: राजधानी पटना स्थित जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर 29 मार्च से समर शेड्यूल लागू किया जाएगा। इस नए शेड्यूल के तहत कुल 48 जोड़ी विमानों का नियमित परिचालन होगा, जिससे यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
Patna Airport: बिहार की राजधानी पटना से हवाई यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। 29 मार्च से 24 अक्टूबर तक लागू होने वाले समर शेड्यूल में नई उड़ानों की शुरुआत की जा रही है। पहली बार पटना से नवी मुंबई के लिए सीधी फ्लाइट सेवा शुरू होगी। इंडिगो द्वारा शुरू की जा रही यह फ्लाइट नवी मुंबई से पटना एयरपोर्ट पर दोपहर 2:15 बजे पहुंचेगी और 2:50 बजे वापसी के लिए उड़ान भरेगी। इस रूट पर यात्रा का समय करीब 2 घंटे 40 मिनट रहेगा।
मुंबई के लिए पहली बार फ्लाइट
इसके अलावा, पटना से पुणे के लिए भी पहली बार देर रात सीधी उड़ान सेवा शुरू की जा रही है। यह फ्लाइट रात 2 बजे पटना पहुंचेगी और 2:55 बजे रवाना होगी, जिससे यात्रियों को एक नया विकल्प मिलेगा। पटना एयरपोर्ट प्रशासन ने 48 जोड़ी विमानों का समर शेड्यूल जारी किया है। इसके तहत पटना से अब दिल्ली, कोलकाता, मुंबई, नवी मुंबई, बेंगलुरु, अहमदाबाद, चेन्नई, रांची, लखनऊ, चंडीगढ़, पुणे, भुवनेश्वर और हैदराबाद जैसे प्रमुख शहरों के लिए सीधी उड़ानें उपलब्ध होंगी।
एयरलाइंस कंपनियों ने लागू की नई व्यवस्था
नवी मुंबई के लिए सीधी फ्लाइट शुरू होने से बिहार और महाराष्ट्र के बीच कनेक्टिविटी और मजबूत होगी। इससे खासकर मुंबई के पश्चिमी हिस्सों तक पहुंचना आसान होगा। साथ ही व्यापार, पर्यटन और रोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। बता दें कि, गर्मी के मौसम में यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए एयरलाइंस कंपनियों और एयरपोर्ट प्रबंधन ने यह नई व्यवस्था लागू की है।
कनेक्टिविटी होगी मजबूत
इस शेड्यूल में नवी मुंबई और पुणे के लिए नई उड़ानें भी शामिल की गई हैं। इसके अलावा मुंबई, कोलकाता जैसे रूट पर भी अतिरिक्त फ्लाइट जोड़ी गई है, जिससे कनेक्टिविटी और मजबूत होगी। एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, समर शेड्यूल के दौरान विमानों के आगमन और प्रस्थान समय में भी बदलाव किया गया है, ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके और संचालन सुचारू रहे।
यात्रियों की बढ़ती संख्या को लेकर सुरक्षा सख्त
यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए एयरपोर्ट पर विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। टर्मिनल परिसर में पार्किंग, चेक-इन काउंटर और सुरक्षा जांच व्यवस्था को बेहतर बनाया जा रहा है, ताकि यात्रियों को अधिक सुविधा मिल सके। प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय से पहले एयरपोर्ट पहुंचें और एयरलाइंस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, ताकि यात्रा सुरक्षित और सुगम हो सके।