Bihar News : बिहार में अब हलका स्तर पर होगा जमीन की समस्याओं का निपटारा, राजस्व कर्मचारियों के लिए जारी हुआ नया रोस्टर

Bihar News : बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने राज्य की राजस्व व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और जन-हितैषी बनाने के लिए एक बड़ा निर्णय लिया है......पढ़िए आगे

Bihar News : बिहार में अब हलका स्तर पर होगा जमीन की समस्याओं
जमीन की समस्याओं का निपटारा- फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने सभी अंचल अधिकारियों को निर्देशित दिया है कि वे प्रतिदिन कार्यालय में होने वाली बैठक को समाप्त कर राजस्व कर्मचारियों को अपने हलका में उपस्थिति सुनिश्चित कराएं। उन्होंने कहा है कि केवल प्रत्येक शनिवार को राजस्व कर्मचारी अंचल कार्यालय की बैठक में शामिल होंगे। अंचल अधिकारी आवश्यक होने पर अन्य दिन ऑनलाइन मोड में बैठक करना सुनिश्चित करेंगे।  उन्होंने कहा है कि विभाग की पहली प्राथमिकता आम जनों को राहत पहुंचाना है और जमीन से जुड़ी समस्याओं का समय सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करना आवश्यक है।

नई व्यवस्था के तहत राजस्व कर्मचारी प्रतिदिन अंचल कार्यालय में होने वाली बैठकों में शामिल नहीं होंगे। सभी कर्मचारी केवल शनिवार को अंचल कार्यालय में उपस्थित रहेंगे। उस दिन भू-समाधान दिवस के दौरान भी उनकी उपस्थिति हो जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर शनिवार को छोड़कर अन्य दिनों में वे ऑनलाइन माध्यम से बैठक में शामिल होंगे।

मंत्री ने निर्देश दिया है कि सभी राजस्व कर्मचारी रोस्टर के अनुसार अपने-अपने हलकों में उपस्थित रहकर दाखिल-खारिज, परिमार्जन, ई मापी समेत अन्य राजस्व मामलों के समाधान को प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि हलका स्तर पर ही समस्याओं का समाधान होने से आम लोगों को अंचल कार्यालय के अनावश्यक चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।

उन्होंने अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि हलकों में आने वाली शिकायतों का शीघ्र निष्पादन हो तथा जनता को पारदर्शी और प्रभावी राजस्व सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।