नीतीश के चहेते आईएएस अधिकारियों को सीएम सम्राट ने बदला, निशांत के साथ काम करेंगे कुमार रवि, चंद्रशेखर को नई ज़िम्मेदारी
नीतीश के बेटे निशांत के स्वास्थ्य विभाग में स्वास्थ्य विभाग के सचिव लोकेश कुमार सिंह को स्थानांतरित करते हुए पर्यटन विभाग का सचिव बनाया गया है।
IAS Transfer in Bihar : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की सरकार ने रविवार को बड़े स्तर पर आईएएस अधिकारियों का तबादला किया है. इसमें एक साथ 12 अधिकारी बदले गए हैं जिसमें अधिकांश पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के चहेते अधिकारी माने जाते हैं. इसमें एक बड़ा फैसला स्वास्थ्य मंत्री निशांत के स्वास्थ्य विभाग को लेकर भी हुआ. विभाग द्वारा 10 मई 2026 को जारी अधिसूचना के अनुसार, स्वास्थ्य, वित्त, जल संसाधन और आपदा प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विभागों में नए सचिवों की तैनाती की गई है । इस बदलाव के तहत कई अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार से मुक्त किया गया है, जबकि कुछ को नई और दोहरी जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं ।
नीतीश के बेटे निशांत के स्वास्थ्य विभाग में स्वास्थ्य विभाग के सचिव लोकेश कुमार सिंह को स्थानांतरित करते हुए पर्यटन विभाग का सचिव बनाया गया है। वहीं मुख्यमंत्री सचिवालय के सचिव कुमार रवि (2005 बैच) को अब स्वास्थ्य विभाग का नया सचिव बनाया गया है। यानी वे निशांत के साथ उनके विभाग के सचिव के रूप में काम करेंगे. कुमार रवि को नीतीश कुमार का चहेता अधिकारी माना जाता है.
इसी तरह अब तक मुख्यमंत्री सचिवालय में कार्यरत चंद्रशेखर सिंह (2010 बैच) को जल संसाधन विभाग के सचिव की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है । चंद्रशेखर को भी नीतीश कुमार के पसंदीदा अधिकारी के रूप में माना जाता है. वहीं वित्त विभाग में बड़ा बदलाव करते हुए संजय कुमार सिंह (2007 बैच) को विभाग का सचिव (सम्पूर्ण प्रभार) नियुक्त किया गया है । इससे पहले वित्त विभाग का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे आनंद किशोर को इस जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया गया है ।
संजय कुमार सिंह वित्त सचिव के साथ-साथ वाणिज्य कर विभाग के सचिव, वाणिज्य-कर आयुक्त और मुख्यमंत्री सचिवालय के सचिव के अतिरिक्त प्रभार में भी बने रहेंगे । यह कदम राज्य की वित्तीय व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से उठाया गया प्रतीत होता है। स्वास्थ्य और जल संसाधन जैसे जनोपयोगी विभागों में भी नए नेतृत्व की घोषणा की गई है। इसके अतिरिक्त संतोष कुमार मल्ल को आपदा प्रबंधन विभाग का प्रधान सचिव नियुक्त किया गया है ।
ऊर्जा और समाज कल्याण विभाग के शीर्ष स्तर पर भी बदलाव देखे गए हैं। अजय यादव (2005 बैच) को ऊर्जा विभाग का नया सचिव नियुक्त किया गया है, जिन्हें बिहार स्टेट पावर (होल्डिंग) कंपनी लिमिटेड के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
साथ ही एच. आर. श्रीनिवास (1996 बैच) को समाज कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव के पद पर पदस्थापित किया गया है । वे पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव के अतिरिक्त प्रभार में भी रहेंगे। प्रशासनिक फेरबदल की इस कड़ी में प्रणव कुमार को भवन निर्माण विभाग का सचिव और रजनीश कुमार सिंह को महानिरीक्षक, कारा एवं सुधार सेवाएं नियुक्त किया गया है । दिल्ली स्थित बिहार भवन के प्रबंधन में भी बदलाव हुआ है मनोज कुमार सिंह को बिहार भवन, नई दिल्ली का नया स्थानिक आयुक्त बनाया गया है ।