वैशाली पुलिस की बड़ी कामयाबी: प्लंबर हत्याकांड का 6 घंटे में खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

वैशाली पुलिस की बड़ी कामयाबी: प्लंबर हत्याकांड का 6 घंटे में
प्लंबर हत्याकांड का 6 घंटे में खुलासा- फोटो : रिषभ कुमार

Vaishali : जिले की पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बीते शनिवार के दोपहर हुए चर्चित प्लंबर हत्याकांड की गुत्थी महज 6 घंटे के भीतर सुलझा ली है। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी समेत दो युवकों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से हत्या में इस्तेमाल किया गया पिस्तौल भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस की इस तत्परता ने अपराधियों के मंसूबों पर पानी फेर दिया है, हालांकि घटना के पीछे की वजह ने स्थानीय लोगों को स्तब्ध कर दिया है।


पुराने मामलू विवाद में घटना को दिया गया अंजाम

मामले की जानकारी देते हुए वैशाली एसपी ने बताया कि मृतक प्लंबर ऋषि और पकड़े गए मुख्य आरोपी प्रियांशु के बीच पहले से जान-पहचान थी। कुछ दिन पहले किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी और विवाद हुआ था। इसी विवाद का बदला लेने के लिए प्रियांशु ने खौफनाक साजिश रची और अपने तीन दोस्तों के साथ मिलकर ऋषि को सदर थाना क्षेत्र के दामोदरपुर स्थित एक बगीचे में मिलने के बहाने बुलाया, जहां उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई।


शिक्षक का बेटा है मुख्य अभियुक्त

पुलिस के अनुसार, तकनीकी अनुसंधान और मानवीय सूचनाओं के आधार पर छापेमारी कर मुख्य अभियुक्त प्रियांशु सहित दो लोगों को दबोच लिया गया है। जांच में यह भी सामने आया है कि प्रियांशु के पिता एक निजी विद्यालय में शिक्षक हैं। एक शिक्षक के पुत्र द्वारा महज छोटे से विवाद में हत्या जैसी संगीन वारदात को अंजाम देने की खबर ने समाज को सोचने पर मजबूर कर दिया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से वह हथियार भी जब्त कर लिया है जिससे ऋषि पर गोलियां चलाई गई थीं।


घटना में शामिल फरार आरोपियों की तलाश जारी

एसपी ने स्पष्ट किया कि पुलिस अब उस व्यक्ति की तलाश में जुटी है जिसने प्रियांशु को वारदात के लिए पिस्तौल उपलब्ध कराई थी। उस व्यक्ति की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीम लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही हथियार सप्लायर भी सलाखों के पीछे होगा। इस हत्याकांड में शामिल अन्य फरार आरोपियों की भी सरगर्मी से तलाश जारी है।


कल दोपहर हुई इस वारदात के बाद से इलाके में तनाव और दहशत का माहौल था, लेकिन पुलिस द्वारा रिकॉर्ड समय में किए गए खुलासे से लोगों ने राहत की सांस ली है। ऋषि के परिजनों में जहां मातम पसरा है, वहीं ग्रामीणों ने पुलिस की कार्यशैली की सराहना की है। फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है ताकि घटना से जुड़े अन्य तथ्यों और भविष्य की किसी संभावित साजिश का पता लगाया जा सके।


रिषभ की रिपोर्ट