पूर्णिया में मुख्यमंत्री की 'समृद्धि यात्रा': 500 करोड़ की योजनाओं की देंगे सौगात, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
पूर्णिया के विकास को नई रफ्तार देने के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कल 'समृद्धि यात्रा' के तहत जिले के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे पूर्णिया को 500 करोड़ रुपये से अधिक की सौगात देंगे, जिसमें सैकड़ों योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास शामिल है।
Patna - : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कल सुबह ठीक 11:00 बजे पूर्णिया पहुंचेंगे। अपनी यात्रा की शुरुआत वे ऐतिहासिक मां पूर्णदेवी मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ करेंगे, जिसके बाद वहां चल रहे विकास कार्यों का जायजा लेंगे। मुख्यमंत्री के इस दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं और तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
करोड़ों की योजनाओं का होगा शिलान्यास और उद्घाटन
मुख्यमंत्री अपनी इस यात्रा के दौरान करीब 142 नई योजनाओं का शिलान्यास करेंगे और 100 से अधिक पूर्ण हो चुकी योजनाओं का उद्घाटन करेंगे। कुल मिलाकर 500 करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाओं की सौगात जिलेवासियों को मिलने वाली है। पशुपालन कार्यालय परिसर में विभिन्न सरकारी स्टॉलों के निरीक्षण के बाद वे इंदिरा गांधी स्टेडियम में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक और जनसंवाद भी करेंगे।

मंत्री लेसी सिंह ने जताया आभार
बिहार सरकार की खाद्य व उपभोक्ता संरक्षण मंत्री लेसी सिंह ने मुख्यमंत्री के आगमन पर खुशी जताते हुए कहा कि नीतीश कुमार जब भी किसी जिले की यात्रा पर निकलते हैं, तो वहां विकास की बड़ी सौगात लेकर आते हैं। उन्होंने कहा कि पूर्णियावासियों को इस 'समृद्धि यात्रा' से काफी उम्मीदें हैं और सभी उनके भव्य स्वागत की तैयारी में जुटे हैं।
स्थानीय मांगों पर भी टिकी नजरें
सामाजिक कार्यकर्ता विजय श्रीवास्तव सहित स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि इस दौरे में वे पूर्णिया एयरपोर्ट, मेडिकल कॉलेज की बिल्डिंग के हैंडओवर और यूनिवर्सिटी से जुड़े मसलों की भी समीक्षा करें। इसके अलावा सौरा नदी को 'सौरा सफारी' के रूप में विकसित करने और शहर को जाम से मुक्ति दिलाने के लिए रिंग रोड के निर्माण की मांग भी जोर पकड़ रही है।
Report - ankit jha