विधान मंडल में निशांत का ऐलान, नीतीश के मार्गदर्शन में होगा काम, बिहार में ये सब करेंगे सीएम सम्राट

स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने कहा कि विधानसभा में वह ऐसे मुद्दे उठाने का प्रयास करेंगे, जिनमें आम जनता की रुचि हो और जो सीधे जनता से जुड़े हों। उन्होंने कहा, “मैं सदन की गरिमा और मर्यादा बनाए रखने की कोशिश करूंगा।

Nishant
Nishant- फोटो : news4nation

Nishant : बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार सोमवार को विधानसभा के मानसून सत्र में शामिल होने पहुंचे। आज उनका जन्मदिन भी है। विधानसभा पहुंचने पर सदन के कई सदस्यों और नेताओं ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। निशांत कुमार ने सभी का आभार जताते हुए कहा कि वह सदन की गरिमा और मर्यादा बनाए रखने की पूरी कोशिश करेंगे। 


स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि विधानसभा में वह ऐसे मुद्दे उठाने का प्रयास करेंगे, जिनमें आम जनता की रुचि हो और जो सीधे जनता से जुड़े हों। उन्होंने कहा, “मैं सदन की गरिमा और मर्यादा बनाए रखने की कोशिश करूंगा। सदन में ऐसे विषय रखने का प्रयास करूंगा, जिनमें जनता की दिलचस्पी हो।” अपने पिता और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए निशांत कुमार ने कहा कि पिछले 20 वर्षों में उनके पिता ने जो काम किया है, उसे मौजूदा सरकार आगे बढ़ाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार उसी दिशा में काम करेगी और जनता को बेहतर सुविधाएं देने पर जोर रहेगा।


नीतीश के मार्गदर्शन में होगा काम 

स्वास्थ्य विभाग को लेकर निशांत कुमार ने कहा कि विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की कड़ी मेहनत से राज्य के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भी सरकार का ध्यान स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने पर रहेगा। उन्होंने कहा कि बिहार में गठबंधन और सरकार आगे भी पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में काम करेगी। निशांत कुमार ने कहा कि सरकार पिछले 20 वर्षों में किए गए विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं को आगे बढ़ाने की दिशा में काम करेगी।


सदस्यों ने दी जन्मदिन की शुभकामनाएं

निशांत कुमार के जन्मदिन के मौके पर विधानसभा परिसर में कई सदस्यों और नेताओं ने उन्हें बधाई दी। इस दौरान उन्होंने सभी का आभार जताया और कहा कि उन्हें मिल रही शुभकामनाओं से वह अभिभूत हैं।


शोक प्रस्ताव के बाद स्थगित हुई कार्यवाही

बिहार विधानसभा का पांच दिवसीय मानसून सत्र सोमवार से शुरू हुआ। पहले दिन विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने शोक प्रस्ताव पढ़ा। इसके बाद सदस्यों ने दिवंगत आत्माओं की स्मृति में मौन रखा। शोक प्रस्ताव की कार्यवाही पूरी होने के बाद सदन की बैठक मंगलवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। वहीं विधान परिषद में भी शोक प्रस्ताव के बाद कार्यवाही स्थगित हो गई।