मुंगेर हाई-प्रोफाइल मर्डर केस: दरोगा चंदन कुमार का झूठ बेनकाब ,FSL और बैलेस्टिक रिपोर्ट ने खोला राज

मुंगेर के सफियासराय थाने के निलंबित दरोगा चंदन कुमार द्वारा अपनी पत्नी मधु कुमारी की मौत को 'आत्महत्या' साबित करने की कोशिश नाकाम हो गई है।FSL और बैलेस्टिक रिपोर्ट ने साफ कर दिया है कि मधु ने खुद को गोली नहीं मारी थी,बल्कि सर्विस पिस्टल से हत्या की

munger cop wife murder case fsl ballistic report reveals tru
रोगा चंदन कुमार का झूठ बेनकाब ,FSL और बैलेस्टिक रिपोर्ट ने खोला राज- फोटो : Reporter

 मुंगेर में गत 11 अप्रैल को हुई सनसनीखेज वारदात, जिसने पूरे पुलिस महकमे को कटघरे में खड़ा कर दिया था, आखिरकार वैज्ञानिक जांच में पूरी तरह बेनकाब हो गई। सफियासराय थाने के निलंबित दरोगा चंदन कुमार द्वारा अपनी पत्नी मधु कुमारी की मौत को 'आत्महत्या' साबित करने की नाकाम कोशिश FSL और बैलेस्टिक रिपोर्ट के सामने टिक नहीं सकी। वैज्ञानिक जांच में यह पूरी तरह साफ हो गया है कि मधु कुमारी ने खुद को गोली नहीं मारी थी, बल्कि उनकी हत्या उसी सरकारी सर्विस पिस्टल से की गई थी जिसे दरोगा चंदन कुमार इस्तेमाल करता था।


परिजनों ने पहले दिन से लगाया था हत्या और दहेज प्रताड़ना का आरोप

घटना 11 अप्रैल की शाम की है, जब गोली लगने से मधु कुमारी की मौत के तुरंत बाद आरोपी दरोगा ने इसे आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया था। हालांकि, मृतका के परिजनों ने शुरुआत से ही पुलिस के इस दावे को खारिज कर दिया था। मधु के पिता रंजीत कुमार का आरोप था कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी को दहेज के लिए लगातार शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था और अंततः साजिश के तहत उसकी हत्या कर दी गई।


मेडिकल बोर्ड के पोस्टमार्टम से बदला जांच का रुख

इस हाई-प्रोफाइल मामले में पहला बड़ा मोड़ तब आया जब मेडिकल बोर्ड (डॉ. रमन, डॉ. रुपेश और डॉ. शशांक) की टीम ने पोस्टमार्टम के दौरान शरीर पर गोली के प्रवेश और निकास के बिंदुओं का बारीकी से परीक्षण किया। डॉक्टरों की टीम ने अपनी शुरुआती रिपोर्ट में ही खुदकुशी की बात पर गंभीर सवाल उठाते हुए हत्या की प्रबल आशंका जताई थी। इसके बाद पुलिस ने वैज्ञानिक साक्ष्यों को आधार बनाकर जांच को आगे बढ़ाया, जिससे केस की दिशा पूरी तरह बदल गई।


आरोपी दरोगा जेल में, एसपी बोले- वैज्ञानिक साक्ष्यों के आगे झूठ नहीं टिकता

मामले का खुलासा करते हुए एसपी सैयद इमरान मसूद ने बताया कि बैलेस्टिक रिपोर्ट से अब पूरी तरह स्पष्ट हो चुका है कि दरोगा चंदन कुमार ने ही अपनी पत्नी की हत्या की थी। आरोपी दरोगा को पहले ही निलंबित कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा चुका है और उसके खिलाफ हत्या व दहेज उत्पीड़न की धाराओं में कानूनी कार्रवाई जारी है। एसपी ने कहा, "अपराधी चाहे कोई भी हो, वैज्ञानिक साक्ष्यों के सामने झूठ टिक नहीं सकता। पुलिस का दायित्व सच सामने लाना है और इस मामले में न्याय की जीत हुई है।"

मुंगेर से मो. इम्तियाज़ खान की रिपोर्ट