Bihar News : बिहार में बिजली खपत का बना नया रिकॉर्ड, पहली बार 9,000 मेगावाट के पार पहुंची मांग

Bihar News : बिहार ने विद्युत खपत के क्षेत्र में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। आज दिनांक 24 जून 2026 को रात्रि 9:30 बजे राज्य की अधिकतम विद्युत मांग 9,031 मेगावाट दर्ज की गई है....पढ़िए आगे

Bihar News : बिहार में बिजली खपत का बना नया रिकॉर्ड, पहली बा
बिजली खपत का नया रिकॉर्ड- फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : बिहार ने विद्युत खपत के क्षेत्र में एक नया और ऐतिहासिक कीर्तिमान स्थापित किया है। 24 जून 2026 की रात 9:15 बजे राज्य की अधिकतम विद्युत मांग रिकॉर्ड 9,002 मेगावाट दर्ज की गई। बिहार विद्युत क्षेत्र की सभी इकाइयों और ग्रिडों ने आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए इस सर्वकालिक उच्च मांग को सफलतापूर्वक और बिना किसी तकनीकी बाधा के पूरा कर दिखाया।

रिकॉर्ड मांग के बीच भी नहीं हुई बिजली कटौती

आमतौर पर मांग बढ़ने पर बिजली कटौती या ट्रिपिंग की समस्याएं सामने आती हैं, लेकिन इस बार रिकॉर्ड स्तर की मांग के बावजूद राज्य के सभी शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में उपभोक्ताओं को निर्बाध, गुणवत्तापूर्ण एवं विश्वसनीय विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की गई। ऊर्जा विभाग द्वारा पिछले कुछ वर्षों में विद्युत उत्पादन, ट्रांसमिशन (सशक्तीकरण) और वितरण नेटवर्क को मजबूत करने के लिए किए गए सतत प्रयासों का ही यह सुखद परिणाम है।

आर्थिक प्रगति और जीवन स्तर में सुधार का संकेत

यह बड़ी उपलब्धि राज्य में तेजी से बढ़ती ऊर्जा आवश्यकताओं, औद्योगिक विकास, आर्थिक प्रगति और हर घर तक विश्वसनीय बिजली पहुंचाने की मजबूत ढांचागत व्यवस्था को साफ तौर पर दर्शाती है। ऊर्जा सचिव सह बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी लिमिटेड (BSPHCL) के सीएमडी अजय यादव ने इस पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि राज्य में बिजली की मांग का लगातार बढ़ना बिहार के आर्थिक विकास और उपभोक्ताओं के जीवन स्तर में हो रहे सकारात्मक बदलाव का सीधा संकेत है।

पूरी टीम की मेहनत और समर्पण का परिणाम

सीएमडी अजय यादव ने रिकॉर्ड 9,002 मेगावाट की मांग को सफलतापूर्वक संभालने के लिए विद्युत विभाग के अभियंताओं, तकनीकी कर्मियों और पूरी टीम की चौबीसों घंटे की कड़ी मेहनत और समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि इतनी भारी मांग के बीच भी वोल्टेज और फ्रीक्वेंसी को नियंत्रित रखना और उपभोक्ताओं को बिना रुकावट बिजली देना टीम वर्क के बिना संभव नहीं था।

भविष्य की चुनौतियों के लिए भी पूरी तैयारी

ऊर्जा सचिव ने भविष्य की योजनाओं पर बात करते हुए कहा कि आने वाले समय में, विशेषकर गर्मी और मानसूनी सीजन के दौरान बिजली की मांग में और अधिक वृद्धि होने की पूरी संभावना है। उन्होंने राज्यवासियों को आश्वस्त किया कि विद्युत विभाग इस बढ़ती मांग का सटीक पूर्वानुमान लगाकर इसे सफलतापूर्वक पूरा करने के लिए बुनियादी स्तर पर पूरी तरह तैयार है और राज्य में बिजली का संकट नहीं होने दिया जाएगा।