नौबतपुर पुलिस की कार्रवाई: 4 दिनों में सुलझी जितिया छिनतई की गुत्थी, बाइक और आभूषण बरामद, 5 आरोपी गिरफ्तार
पटना के नौबतपुर में महिला से सोने की जितिया छीनने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 2 झपट्टामारों और चोरी का सोना खरीदने वाले 3 सोनारों को गिरफ्तार किया है। बाइक और चोरी का आभूषण बरामद।
पटना जिले के नौबतपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नारायणपुर गांव में 14 अगस्त को बाइक सवार अपराधियों ने पैदल जा रही उषा देवी के गले से सोने की जितिया छीन ली थी। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नौबतपुर थाना कांड संख्या 315/26 दर्ज किया और मामले की छानबीन के लिए एक विशेष टीम का गठन किया।
छिनतई में शामिल दो मुख्य अपराधी गिरफ्तार
पुलिस टीम ने गुप्त सूचना और जांच के आधार पर 18 अगस्त को घटना में शामिल दोनों मुख्य अपराधियों को धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दुल्हिनबाजार थाना क्षेत्र के नरही निवासी विशाल कुमार (22 वर्ष) और आलमपुर निवासी संतु कुमार (24 वर्ष) के रूप में हुई। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल (BR01FY0322) को भी जब्त कर लिया।

सोनारों को बेचा था आभूषण, 3 खरीदार भी चढ़े हत्थे
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि छिनतई किए गए जितिया को उन्होंने पालीगंज स्थित दो अलग-अलग दुकानों में ₹9,000 और ₹5,600 (कुल ₹14,600) में बेच दिया था। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने छापेमारी कर चोरी का सोना खरीदने वाले व्यवसायी शंकर प्रसाद (55 वर्ष), अभिमन्यु कुमार (32 वर्ष) और जितेन्द्र कुमार (37 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया।
बरामदगी के साथ नौबतपुर पुलिस ने कांड का किया सफल उद्भेदन
पुलिस ने सोनारों की दुकान से एक मूल सोने की जितिया और एक विरूपित (पिघलाई/मोड़ी गई) जितिया बरामद कर ली है। नौबतपुर थाना पुलिस ने इस मामले में कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर छिनतई कांड का सफल उद्भेदन किया है और सभी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।