पटना में कुदरत का कहर: तेज आंधी और बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, आपात स्थिति के लिए नगर निगम ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर

पटना में कुदरत का कहर: तेज आंधी और बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस
पटना में कुदरत का कहर- फोटो : अनिल कुमार

Patna : राजधानी पटना में शुक्रवार को आई तेज आंधी और भारी बारिश ने व्यापक तबाही मचाई है। शहर के कई वीवीआईपी और व्यस्त इलाकों जैसे हाईकोर्ट परिसर, विकास भवन, विद्यापति मार्ग और देशरत्न मार्ग पर दर्जनों पेड़ और उनकी शाखाएं टूटकर सड़कों पर गिर गईं। कई स्थानों पर बड़े-बड़े होर्डिंग्स भी धराशायी हो गए हैं, जिसके कारण प्रमुख मार्गों पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया और आम जनजीवन पर इसका गहरा प्रभाव पड़ा है।


एक्शन मोड में नगर निगम

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पटना नगर निगम की विभिन्न टीमें तुरंत धरातल पर उतर गई हैं। गिरे हुए पेड़ों, टहनियों और मलबे को हटाने के लिए निगम कर्मी युद्धस्तर पर काम कर रहे हैं। जेसीबी और कटर मशीनों की मदद से प्रभावित मार्गों को साफ किया जा रहा है ताकि यातायात को जल्द से सुचारु बनाया जा सके। निगम प्रशासन का मुख्य फोकस उन रास्तों को प्राथमिकता के आधार पर क्लीयर करना है जहाँ एम्बुलेंस और अन्य आपातकालीन वाहनों की आवाजाही अधिक रहती है।


आपात स्थिति के लिए निगम ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर

नागरिकों की सुविधा और आपातकालीन शिकायतों के त्वरित निष्पादन के लिए पटना नगर निगम ने विशेष हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। निगम ने अपील की है कि यदि कहीं पेड़ गिरने, जलजमाव या होर्डिंग्स टूटने जैसी समस्या हो, तो लोग तुरंत टोल फ्री नंबर 155304 या मोबाइल नंबर 9264291339 पर सूचना दे सकते हैं। इन नंबरों पर प्राप्त होने वाली शिकायतों के लिए कंट्रोल रूम को 24 घंटे सक्रिय रहने का निर्देश दिया गया है।


शिकायतों पर तुरंत पहुंच रही है नगर निगम की टीम

नगर निगम प्रशासन ने नागरिकों को आश्वस्त किया है कि प्राप्त हर शिकायत पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। वार्ड स्तर पर सफाई निरीक्षकों को अलर्ट पर रखा गया है ताकि किसी भी क्षेत्र में जलजमाव या मलबा जमा न रहे। अधिकारियों का कहना है कि जब तक शहर की स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं हो जाती, तब तक राहत कार्य और विशेष सफाई अभियान निरंतर जारी रहेगा।


सावधानी बरतने की अपील

हादसे और मलबे के कारण उत्पन्न हुई बाधाओं को दूर करने के लिए निगम के सैकड़ों कर्मचारी सड़कों पर तैनात हैं। प्रशासन ने लोगों से भी अपील की है कि वे खराब मौसम के दौरान जर्जर इमारतों और बड़े होर्डिंग्स के पास खड़े न हों। साथ ही, सड़कों पर सफाई कार्य के दौरान धैर्य बनाए रखने और निगम कर्मियों का सहयोग करने का आग्रह किया गया है ताकि व्यवस्था को फिर से सुदृढ़ किया जा सके।


अनिल की रिपोर्ट