राज्यपाल बनने के बाद सीएम नीतीश से मिले नंद किशोर यादव, बिहार का नए मुख्यमंत्री की घोषणा के पहले बड़ी बैठक

Nand Kishore Yadav met Nitish Kumar
Nand Kishore Yadav met Nitish Kumar- फोटो : news4nation

Nitish Kumar :  बिहार विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष और वरिष्ठ भाजपा नेता नंद किशोर यादव को नागालैंड का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है। नई जिम्मेदारी मिलने के बाद उन्होंने शनिवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से उनके सरकारी आवास 1 अणे मार्ग पर मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच औपचारिक बातचीत हुई और मुख्यमंत्री ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।


नंद किशोर यादव लंबे समय से बिहार की राजनीति में सक्रिय रहे हैं और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं में गिने जाते हैं। वे कई बार विधायक और मंत्री भी रह चुके हैं। बिहार विधानसभा के अध्यक्ष के रूप में उनका कार्यकाल भी काफी चर्चा में रहा। अब उन्हें नागालैंड का राज्यपाल बनाए जाने को उनके लंबे राजनीतिक अनुभव का सम्मान माना जा रहा है।


इधर बिहार की राजनीति में एक और बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की पहल हो चुकी है। हाल ही में उन्होंने राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया है, जिसके बाद यह माना जा रहा है कि वे राष्ट्रीय राजनीति में सक्रिय भूमिका निभा सकते हैं। राजनीतिक हलकों में इसे बिहार की सत्ता और सियासत के लिहाज से अहम घटनाक्रम माना जा रहा है।


नंद किशोर यादव की मुख्यमंत्री से हुई मुलाकात को भी इसी बदलते राजनीतिक परिदृश्य के संदर्भ में देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में बिहार की राजनीति में कुछ बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं, खासकर तब जब नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के बाद राज्य के नेतृत्व को लेकर नई चर्चा तेज हो सकती है।